LPG महंगा, विपक्ष हमलावर! कांग्रेस ने कहा- 'महंगाई मैन मोदी का फिर चला चाबुक', अखिलेश बोले- हर आस गई टूट

घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपये महंगा होने के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस और अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर बीजेपी को घेरा है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) ने महंगाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की नई कीमत 7 जून से लागू हो गई है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।

कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना

गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने के बाद कांग्रेस ने सबसे पहले केंद्र सरकार को घेरा। पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, "'महंगाई मैन मोदी' का चाबुक फिर चला है। अब घरेलू गैस सिलेंडर 29 रुपए महंगा कर दिया गया। मोदी का फंडा साफ है- जनता से वसूली करो, अमीर दोस्त की तिजोरी भरो।" कांग्रेस ने आरोप लगाया कि महंगाई का बोझ लगातार आम लोगों पर डाला जा रहा है।


अखिलेश यादव ने शायराना अंदाज में किया वार

कांग्रेस के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शायराना अंदाज में लिखा, "रोटी के महंगे होने से थाली गई रूठ, बीजेपी से अब तो, हर आस गई टूट।" अखिलेश ने अपने संदेश के जरिए बढ़ती महंगाई और आम लोगों की परेशानियों का मुद्दा उठाया।

दिल्ली में 942 रुपये हुआ घरेलू एलपीजी सिलेंडर

सरकारी तेल कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की वृद्धि की है। इसके बाद दिल्ली में सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। इससे पहले 1 जून को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।


पांच महीनों में कई बार बढ़े दाम

जून में हुई इस बढ़ोतरी के साथ बीते पांच महीनों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार इजाफा हुआ है। फरवरी में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 49 रुपये महंगा हुआ था, जबकि मार्च में इसके दाम में 115 रुपये की और बढ़ोतरी की गई थी।

एलपीजी के अलावा सीएनजी की कीमतों में भी हाल के दिनों में वृद्धि दर्ज की गई है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में 15 मई से सीएनजी की दरों में चार अलग-अलग संशोधनों के जरिए कुल 6 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की जा चुकी है। हाल ही में सीएनजी के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की और वृद्धि की गई थी। ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच विपक्ष महंगाई के मुद्दे पर सरकार को लगातार घेर रहा है।