पंजाब: LPU में छात्रा से रेप के आरोप के बाद बवाल, 10 दिन के लिए क्लास बंद, मिड-टर्म एग्जाम टले

LPU में छात्रा से रेप के आरोप और प्रदर्शन के बाद 10 दिन तक क्लास कैंसिल कर दी गई हैं। मिड-टर्म एग्जाम भी टाल दिए गए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • LPU ने छात्रों के प्रदर्शन और तनाव के बीच 10 दिन तक क्लास कैंसिल करने का फैसला लिया है।

  • मिड-टर्म एग्जाम की तारीखें भी आगे बढ़ा दी गई हैं, नए शेड्यूल का ऐलान अभी नहीं हुआ है।

  • यूनिवर्सिटी ने छात्रों को घर जाने या कैंपस में रहने पर हॉस्टल, PG और कमरों में रहने की सलाह दी है।

  • छात्रा से रेप के आरोपों के बाद प्रदर्शनकारियों ने NH-44 जाम किया था और कैंपस में तोड़फोड़ भी हुई थी।

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रों के प्रदर्शन और कैंपस में बने तनाव के बीच यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट ने बड़ा फैसला लिया है। सोमवार 28 सितंबर से अगले 10 दिनों तक सभी क्लास कैंसिल कर दी गई हैं। हाल ही में होने वाले मिड-टर्म एग्जाम की तारीखें भी आगे बढ़ा दी गई हैं। हालांकि, परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान अभी नहीं किया गया है।

यूनिवर्सिटी ने छात्रों से शांति बनाए रखने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। 10 दिन की अवधि में छात्रों को घर जाने और अपने माता-पिता से बातचीत करने की सलाह दी गई है। जो छात्र कैंपस में ही रहना चाहते हैं, उनसे हॉस्टल, पीजी या अपने कमरों में रहने और अनावश्यक आवाजाही से बचने को कहा गया है। यूनिवर्सिटी ने छात्रों से उग्र प्रदर्शन से भी दूरी बनाए रखने की अपील की है।

छात्रा से रेप के आरोप के बाद शुरू हुआ प्रदर्शन

LPU की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि छात्रों की सुरक्षा और उनके भले को ध्यान में रखते हुए 10 दिनों के लिए क्लास कैंसिल की जा रही हैं। इस दौरान यूनिवर्सिटी में पढ़ाई नहीं होगी। मिड-टर्म एग्जाम की तारीख भी आगे बढ़ाई जा रही है और नए शेड्यूल की जानकारी जल्द दी जाएगी। छात्रों से आगे के अपडेट के लिए यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के संपर्क में रहने को कहा गया है।

छात्रा से रेप के आरोप सामने आने के बाद LPU के छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने NH-44 भी जाम कर दिया था। इसके अलावा कैंपस में तोड़फोड़ की बात भी सामने आई। मामले के बाद पैदा हुए तनाव को देखते हुए यूनिवर्सिटी ने क्लास और परीक्षाओं को लेकर यह फैसला लिया है।


26 सितंबर की देर रात शुरू हुआ था प्रदर्शन

जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन की शुरुआत शनिवार 26 सितंबर की देर रात करीब 1 बजे गर्ल्स हॉस्टल-3 के पास हुई थी। आरोप है कि प्रदर्शन शुरू होने से करीब तीन दिन पहले बाहर से आए एक प्लंबर ने एक छात्रा के साथ रेप किया था। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल वॉर्डन को घटना की जानकारी दी गई थी, लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

छात्रों के इन्हीं आरोपों के बाद विरोध तेज हुआ और मामला प्रदर्शन तथा तोड़फोड़ तक पहुंच गया। अब यूनिवर्सिटी ने 10 दिनों के लिए क्लास बंद करने और मिड-टर्म एग्जाम आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा अभी बाकी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए