लखनऊ: गांधी जयंती पर कांग्रेस ने निकाली ‘सद्भाव यात्रा’, देश की एकता और अखंडता को बचाने की ली शपथ

राज बब्बर ने कहा कि महात्मा गांधी की राम धुन ने भारत के हिन्दुओं, मुसलमानों, सिखों, ईसाईयों सभी को एक लड़ी में पिरो कर अंग्रेजों के खिलाफ बिगुल फूंका था और फूट डालो और राज करो की अंग्रेजों की नीति इसी राम धुन के सामने असफल हो गई थी।

फोटो: उबैद उल्लाह नासिर
फोटो: उबैद उल्लाह नासिर
user

उबैद उल्लाह नासिर

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राज बब्बर के आह्वान पर विगत 25 सितम्बर से जारी गांधी जयंती समारोह का आज लखनऊ के ऐतिहासिक अमीनुद्दौला पार्क पर कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में राम धुन गाकर समापन किया। इस अवसर पर राज बब्बर ने कहा कि बापू की राम धुन ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम, ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान’ में वह असर था जिसने ब्रिटिश साम्राज्य की चूलें हिला दी थीं।

उन्होंने कहा कि इस धुन ने भारत के हिन्दुओं, मुसलमानों, सिखों, ईसाईयों सभी को एक लड़ी में पिरो कर अंग्रेजों के खिलाफ बिगुल फूंका था। फूट डालो और राज करो की अंग्रेजों की नीति इसी राम धुन के सामने असफल हो गई थी। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश उन्हीं ताकतों के चंगुल में फंस गया है जो देश को धर्म, सम्प्रदाय और जाति के नाम पर बांटकर देश पर शासन करना चाहते है। साथ ही अपने सपने का एक ऐसा भारत बनाना चाहते हैं जो बापू के सपनों का बिलकुल उल्टा है। वह इस देश में एक वर्ग विशेष का वर्चस्व चाहते हैं जबकि बापू के सपनों का भारत सबको एक साथ लेकर चलने में यकीन करता था। वहां धर्म, जाति और सम्प्रदाय के नाम पर किसी से कोई भेदभाव नहीं था।

फोटो: उबैद उल्लाह नासिर
फोटो: उबैद उल्लाह नासिर

उन्होंने कहा की इस राम धुन में आज भी वह ताकत है जो साम्प्रदायिक शक्तियों को शिकस्त दे सकती है। इसलिए कांग्रेसजनों को यह धुन गाते हुए गली, मोहल्ले, गांव जाकर इन साम्प्रदायिक शक्तियों के खिलाफ मुहिम चलानी चाहिए, ताकि हम भारत की एकता, अखंडता, भाईचारा और सद्भावना को बरकरार रख सकें। उन्होंने कहा कि देश की एकता और भाईचारा बरकरार रखने की कांग्रेस जनों पर ऐतिहासिक जिम्मेदारी है और आज जिस प्रकार हजारों की तादाद में कांग्रेस जन, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग मैदान में निकले हैं इससे कांग्रेस जनों के जोश और जज्बे का पता चलता है। यही जोश और जज्बा बरकरार रहा तो हम साम्प्रदायिक शक्तियों को अवश्य ही धुल चटा सकेंगे।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि आज देश एक खतरनाक दौर से गुजर रहा। उसकी एकता, अखंडता और भाईचारा खतरे में है और गरीबों की रोटी छीनी जा रही है। अमीरों की तिजोरी भरी जा रही है। बापू के सपनों के भारत को खंडित किया जा रहा है। ऐसे में कांग्रेसजनों को ही आगे बढ़कर भारत की दूसरी आजादी की लड़ाई लड़नी होगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia