फेल हो गया 'लखनऊ एक्सप्रेस' का इंजन, राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर अखिलेश यादव ने कसा तंज

अखिलेश यादव ने एक पोस्ट के जरिए तंज कसते हुए आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस महज दिखावा है और असली मकसद लखनऊ के ‘इंजन’ को खटारा साबित कर उसे हटाना है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर कटाक्ष किया है। सपा प्रमुख ने कहा कि 'लखनऊ एक्सप्रेस' का इंजन फेल हो गया है, तभी दिल्ली के इंजन ने लखनऊ की कमान किसी और को थमाने का अंदरूनी फैसला कर लिया है। अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को दिखावटी करार देते हुए कहा कि असली खेल लखनऊ के इंजन को खटारा साबित कर स्थायी रूप से हटाने का है।

लगता है 'लखनऊ एक्सप्रेस' का इंजन फेल हो गया है- अखिलेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सत्ता पक्ष की ओर से होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ाने वाला तंज किया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ''सुना है सत्ताधारियों की तरफ से कोई बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस हो रही है। लगता है 'लखनऊ एक्सप्रेस' का इंजन फेल हो गया है, तभी दिल्ली के इंजन ने लखनऊ की कमान किसी और को थमाने का अंदरूनी फैसला कर लिया है।"

'असली खेल तो लखनऊ के इंजन को खटारा साबित करके उसे परमानेंट हटाने का है'

अखिलेश यादव ने कहा कि ये प्रेस कॉन्फ्रेंस तो बस दिखावटी है, असली खेल तो लखनऊ के इंजन को खटारा साबित करके उसे परमानेंट हटाने का है। अब लखनऊ वालों की रक्षा कौन करेगा? हालांकि, अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में किसी का नाम लेकर यह स्पष्ट नहीं किया कि उनका इशारा किस नेता या घटनाक्रम की ओर है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए