वीडियो: ये है योगी की ‘बहादुर’ पुलिस? कड़ाके की सर्दी में CAA के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाओं से छीन ले गई कंबल

लखनऊ के घंटाघर पर पुलिसिया कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो रहे हैं। वीडियो में पुलिस प्रदर्शनस्थल से कंबल ले जाते हुए दिखाई दे रही है। महिलाएं इसका विरोध कर रही हैं, लेकिन पुलिस उनकी एक नहीं सुन रही है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कड़ाके की ठंड के बीच नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ घंटाघर पर महिलाओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। इतनी सर्दी में भी महिलाओं का हौसला डिगा नहीं है। कड़ाके की सर्दी के बीच रविवार सुबह घंटाघर से जो पुलिसिया कार्रवाई की तस्वीरें और वीडियो सामने आए उसकी पूरे देश में कड़ी निंदा हो रही है। घंटाघर पर शांतिपूर्ण तरीके से महिलाएं प्रदर्शन कर रही थीं। आरोप है कि अचानक पुलिस मौके पर पहुंची और उसने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से जाने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने महिलाओं से कंबल और खाने के सामान छीन लिए।

घंटाघर पर पुलिसिया कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि घंटाघर पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का यह वीडियो है। वीडियो में पुलिस प्रदर्शनस्थल से कंबल ले जाते हुए दिखाई दे रही है। महिलाएं इसका विरोध कर रही हैं, लेकिन पुलिस उनकी एक नहीं सुन रही है। कड़ाके की सर्दी में पुलिस कंबल उठाती है और प्रदर्शनस्थल से लेकर चलती बनती है।


वहीं, पुलिस ने मौके पर मौजूद पुरुष प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। वीडियो में लोगों को खदेड़ते हुए भी पुलिस दिखाई दे रही है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि पुलिस ने उनके सामान जब्त कर लिए और टेंट और खाने का सामान प्रदर्शनस्थल पर नहीं पहुंचने दिया। महिलाओं का कहना है कि पुलिस आंदोलन बंद कराने की कोशिश कर रही है। महिलाओं का कहना है कि जब तक सीएए को केंद्र की मोदी सरकार वापास नहीं लेती उनका आंदोलन जारी रहेगा।

घंटाघर पर सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाओं से कंबल छीनने पर पुलिस ने सफाई दी है। पुलिस ने कहा, “घंटाघर में प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग वहां पर रस्सी और डंडे से घेरा बनाकर शीट लगा रहे थे, जिसे लगाने से मना किया गया। कुछ संगठनों के लोग पार्क में कंबल बांट कर रहे थे। आस-पास के लोग कंबल लेने आ रहे थे, जो धरने में शामिल नहीं थे। पुलिस ने कंबल और उन संगठन के लोगों को हटाया और कंबलों को कानूनी तरीके से कब्जे में लिया।”

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 19 Jan 2020, 12:31 PM