मेड से टॉर्चर: BJP से निष्कासित सीमा पात्रा गिरफ्तार, 'गर्म तवे से दागा, दांत तोड़े'...ऐसे किया था जुल्म

घर में लंबे समय तक दिव्यांग घरेलू युवती को बंधक बनाये जाने और बेरहमी से मारपीट मामले में रांची पुलिस ने पूर्व आइएएस की पत्नी और बीजेपी से बर्खास्त नेता सीमा पात्रा को गिरफ्तार कर लिया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

झारखंड में रांची पुलिस ने नौकरानी को प्रताड़ित करने के आरोप में निलंबित बीजेपी नेता और पूर्व आईएएस अधिकारी की पत्नी सीमा पात्रा को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सीमा के खिलाफ अरगोड़ा थाने में मामला दर्ज हुआ था।

इससे पहले राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने घरेलू सहायिका का कथित रूप से उत्पीड़न करने को लेकर पूर्व आईएएस अधिकारी की पत्नी को गिरफ्तार करने की मांग की थी। आयोग ने इस मामले की निश्चित समयसीमा में निष्पक्ष तरीके से जांच एवं पीड़िता का बेहतर इलाज कराने की भी मांग की।

क्या है मामला

झारखंड के रिटायर्ड आईएएस की पत्नी और बीजेपी नेत्री सीमा पात्रा पर अपने घर में काम करने वाली मेड सुनीता पर बेहिसाब जुल्म करने के आरोप लगे हैं। झारखंड सरकार के कार्मिक विभाग के एक अफसर की सूचना पर रांची पुलिस ने मेड को 22 अगस्त को ही बीजेपी नेत्री के आवास से मुक्त कराया था।

जुल्मों की इंतहा

सुनीता के शरीर पर दर्जनों जख्म हैं। उसे गरम तवे से जगह-जगह दागा गया है। लोहे के रॉड से उसके आगे के तीन-चार दांत तोड़ दिये गए हैं। कमरे में बंद करके रखी गई सुनीता का खाना-पानी तक बंद कर दिया गया था। वह खुद से खड़ी तक नहीं हो पा रही। उसकी जुबां से ठीक से आवाज नहीं निकल रही। रांची के रिम्स में उसका इलाज चल रहा है।


कहां की रहने वाली हैं घरेलू मेड सुनीता

आदिवासी समुदाय से आने वाली सुनीता गुमला के एक गांव की रहने वाली है। करीब दस साल पहले वह रिटायर्ड आईएएस महेश्वर पात्रा और बीजेपी नेत्री सीमा पात्रा के घर मेड के तौर पर काम करने के लिए लाई गई थी। बाद में वह दिल्ली में रहने वाली उनकी पुत्री वत्सला पात्रा के साथ भेज दी गई। दिल्ली से उनके तबादले के बाद सुनीता वापस रांची सीमा पात्रा के घर आ गई।

यहां काम करते हुए उसे हमेशा प्रताड़ित किया जाता रहा। उसने घर जाने की इजाजत मांगी तो पिटाई करते हुए उसे कमरे में बंद कर दिया गया। बात-बात पर पिटाई आम हो गई। दर्जनों बार उसे गरम तवे से दागा गया। जिस कमरे में सुनीता को बंद किया गया, वहीं उसका बेडरूम और बाथरूम था। लगातार पिटाई से वह इस तरह अशक्त हो गयी थी कि फर्श पर घिसट-घिसट कर चलती थी। अगर गलती से सुनीता का पेशाब कमरे से बाहर चला जाता तो उसे अपने मुंह से उसे चाट कर साफ करने पर मजबूर किया गया।

इसे भी पढ़ें: झारखंडः BJP नेता ने घरेलू मेड पर जुल्म की सारी हदें पार की, गरम तवे से दागा, मुंह से पेशाब साफ कराया

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia