मध्य प्रदेश: किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का सड़क पर जोरादर प्रदर्शन, राजमार्ग पर लंबा जाम लगा

आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने इंदौर में प्रदर्शन के दौरान संवाददाताओं से कहा कि सूबे की अर्थव्यवस्था किसानों पर आधारित है, लेकिन बीजेपी के राज में अन्नदाताओं को उनका जायज हक और न्याय नहीं मिल रहा।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस ने कृषि क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों को लेकर बृहस्पतिवार को आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम किया और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।

शहर के पिगडंबर क्षेत्र में हुए विरोध प्रदर्शन के चलते राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यह प्रदर्शन इस व्यस्त राजमार्ग पर कांग्रेस के प्रदेशस्तरीय ‘चक्काजाम आंदोलन’ का हिस्सा था।

आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने इंदौर में प्रदर्शन के दौरान संवाददाताओं से कहा कि सूबे की अर्थव्यवस्था किसानों पर आधारित है, लेकिन बीजेपी के राज में अन्नदाताओं को उनका जायज हक और न्याय नहीं मिल रहा।

भूरिया ने आरोप लगाया कि सोयाबीन भावांतर योजना में ‘जबर्दस्त लूट’ मची है और मंडियां ‘कॉर्पोरेट का अड्डा’ बन गई हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं दिला पा रही।

भूरिया ने कहा कि किसानों के मुद्दों पर आंदोलन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘आखिरी में हमें अगर किसी की कॉलर पकड़नी पड़ी, तो हम वह भी पकड़ेंगे।’’

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर ‘कुंभकर्ण की नींद’ में सोई है।

पटेल ने कहा, ‘‘हम किसानों के मौलिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं। हम सरकार से कोई भीख नहीं मांग रहे हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गेहूं की सरकारी खरीद पर्याप्त मात्रा में नहीं हो रही और किसान खाद-बीज की समस्या से भी जूझ रहे हैं।