मध्य प्रदेश: रिहायशी इलाके में खड़ी खाली यात्री बसों में धमाकों के साथ आग लगी, कोई जनहानि नहीं

आजाद नगर पुलिस थाने के प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि मूसाखेड़ी क्षेत्र में पवनपुरी कॉलोनी के पास एक मैदान में निजी ट्रेवल्स के डिपो में खड़ी तीन खाली यात्री बसें और छह मोटरसाइकिल इस अग्निकांड में पूरी तरह जल गईं।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

इंदौर में एक रिहायशी इलाके में निजी ट्रेवल्स के डिपो में खड़ी तीन खाली यात्री बसों में सोमवार को कथित तौर पर धमाकों के साथ आग लग गई और इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

आजाद नगर पुलिस थाने के प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि मूसाखेड़ी क्षेत्र में पवनपुरी कॉलोनी के पास एक मैदान में निजी ट्रेवल्स के डिपो में खड़ी तीन खाली यात्री बसें और छह मोटरसाइकिल इस अग्निकांड में पूरी तरह जल गईं।

भदौरिया ने बताया,‘‘अग्निशमन दस्ते ने आग पर काबू पा लिया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।’’ पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने संदेह जताया कि बसों में जान-बूझकर आग लगाई गई।

घटनास्थल से सटे रिहायशी क्षेत्र के निवासियों ने कहा कि खाली यात्री बसों में कथित तौर पर धमाकों के साथ आग लगी जिससे घबराकर आस-पास के घरों के लोग बाहर निकल आए।

इन लोगों ने अग्निकांड पर आक्रोश जताते हुए कहा कि एक बार पहले भी आग लगने के बावजूद यात्री बसों को रिहायशी क्षेत्र में खड़ा किया जा रहा है जिससे निवासियों के लिए जान-माल का खतरा बना हुआ है।


स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा ने बस डिपो को हटाने की मांग को लेकर धरना दिया। उन्होंने कहा, ‘‘पिछली बार इस जगह चार बसों में आग लगी थी। घटनास्थल के पास 50,000 परिवारों की बस्ती है। हमारी मांग है कि बस डिपो को इस जगह से तुरंत हटाया जाना चाहिए।’’

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia