मध्य प्रदेश: खड़गे ने की कई घोषणाएं, बोले- कांग्रेस सरकार आई तो 500 रुपये में सिलेंडर और 100 यूनिट बिजली देंगे फ्री

सागर में बनाए जा रहे 100 करोड़ के संत रविदास मंदिर का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा कि चुनाव है, इसलिए बीजेपी को संत रविदास याद आए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

मध्य प्रदेश के सागर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की जनता से कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा, "मैं वादा करता हूं कि जब कांग्रेस सत्ता में आएगी तो किसानों को कर्ज से राहत मिलेगी। रसोई गैस 500 रुपये में मिलेगी। महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह मिलेंगे। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना। 100 यूनिट तक फ्री बिजली मिलेगी। हम राज्य में जाति जनगणना भी कराएंगे। अब हमारी कार्यसमिति में 6 पिछड़े वर्ग के लोग हैं।”

कांग्रेस के अध्यक्ष ने जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर कई हमले बोले। उन्होंने कहा कि चुनाव आए हैं, इसलिए बीजेपी को संत रविदास याद आए। खड़गे ने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए एक-एक कर हमले बोले।

सागर में बनाए जा रहे 100 करोड़ के संत रविदास मंदिर का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा कि चुनाव है, इसलिए बीजेपी को संत रविदास याद आए हैं। प्रदेश में 20 साल से शिवराज सिंह मुख्यमंत्री हैं और केंद्र में 9 साल से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। मगर, उन्हें कभी संत रविदास की याद नहीं आई। अब चुनाव हैं, उन्हें संत रविदास याद आ रहे हैं। खड़गे ने आगे कहा, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का मकसद सागर में किसी संस्थान को बनाना नहीं है, बल्कि वोट कैसे खीचें जाएं, यह उनकी कोशिश का हिस्सा है। खड़गे ने वादा किया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर संत रविदास के नाम पर विश्वविद्यालय बनाया जाएगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर और संत रविदास की जन्मभूमि का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर हमला किया और कहा कि चंद लोग संविधान को बदलने की कोशिश कर रहे हैं। मगर, यह हो ही नहीं सकता, क्योंकि देश की 140 करोड़ लोग उसके संरक्षण में जिंदा हैं, सपोर्ट करते हैं।


खड़गे ने वादा किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर जातीय जनगणना कराई जाएगी। ऐसा करने से यह पता चल सकेगा, कौन-कौन पिछड़े और गरीब हैं, कितने लोग भूमिहीन हैं और उनका विकास कैसे किया जाए। खड़गे ने केंद्र और राज्य की सरकार को जनविरोधी बताया। साथ ही कहा कि चुनाव आते हैं तो यह वोट पाने के लिए कुछ भी करने लगते हैं। मध्य प्रदेश हर मामले में पिछड़ा हुआ है और यहां जो सरकार है, वह विधायकों की चोरी करके बनाई गई है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को नाथ बताया और कहा कि कमल तो बीजेपी का है, मगर नाथ हमारे हैं।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia