मध्यप्रदेश: देवास में पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 15 लोगों की मौत की खबर, सड़क पर मिले शरीर के चिथड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के बाद सड़क पर मांस के चिथड़े और शरीर के टुकड़े बिखरे पड़े थे।

मध्यप्रदेश के देवास से बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक एबी रोड स्थित टोंककला में संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 15 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मृतकों को लेकर कोई भी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
मौके पर मौजूद लोगों की माने तो धमाका इतना भयानक था कि आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गईं। स्थानीय लोगों का दावा है कि मृतकों का आंकड़ा 15 तक पहुंच सकता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के बाद सड़क पर मांस के चिथड़े और शरीर के टुकड़े बिखरे पड़े थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार, भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री में खुलेआम बारूद रखकर पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
उधर, देवास ब्लास्ट पर अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए लिखा है, "देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है। मैंने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं
इसी के साथ सीएम मोहन यादल ने ऐलान किया है कि मृतकों के परिजनों को एमपी सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, घायलों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा।
