मध्य प्रदेशः प्रियंका गांधी ने शिवराज-BJP पर बोला हमला, कहा- कहने से कोई मामा नहीं हो जाता, मामा तो कंस भी था

प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार ने 22 हजार घोषणाएं की हैं, लेकिन 18 साल में 22 घोषणाएं भी पूरी नहीं की है। 18 सालों से ये सत्ता में हैं, लेकिन इन्हें चुनाव के दो महीने पहले लाडली बहन याद आईं।

मध्य प्रदेश में प्रियंका गांधी बोलीं- कहने से कोई मामा नहीं हो जाता, मामा तो कंस भी था
मध्य प्रदेश में प्रियंका गांधी बोलीं- कहने से कोई मामा नहीं हो जाता, मामा तो कंस भी था
user

नवजीवन डेस्क

मध्य प्रदेश चुनाव का अभियान जैसे-जैसे परवान चढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे चुनावी हमलों में ऐतिहासिक पात्रों की भी एंट्री होती जा रही है। कांग्रेस और बीजेपी सहित विभिन्न् दलों के नेता धार्मिक और ऐतिहासिक पात्रों के सहारे एक-दूसरे पर जमकर हमले बोल रहे हैं। इसी कड़ी में आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कंस का जिक्र करते हुए बीजेपी सरकार के मुखिया शिवराज सिंह चौहान पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सिर्फ कहने से कोई मामा नहीं हो जाता, मामा तो कंस भी था।

प्रियंका गांधी ने गुरुवार को विंध्य क्षेत्र में चुनावी हुंकार भरी। वे सतना में भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट पहुंची और कामतानाथ के जयकारे भी लगाए। उन्होंने सतना और रीवा की विशाल जनसभा में कहा कि विंध्य और मध्य प्रदेश की जनता बीजेपी के कुशासन से ऊब चुकी है। जनता ने मन में ठाना है कि इस बार मामा को हटाना है। सिर्फ कह देने से कोई मामा नहीं हो जाता, रिश्ता तो निभाने से ही बनता है, वरना मामा तो कंस भी था।


राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सिद्धांतों को याद करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी को जब गोली लगी तो उनके मुंह से 'हे राम' निकला, कांग्रेस महात्मा गांधी के उसूलों पर चलती है। उन्होंने बीजेपी की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी सरकार ने 22 हजार घोषणाएं की हैं, लेकिन 18 साल में 22 घोषणाएं भी पूरी नहीं की है। 18 सालों से ये सत्ता में हैं, लेकिन इन्हें चुनाव के दो महीने पहले लाडली बहन याद आईं। क्या चुनाव से पहले बहने समस्याओं में नहीं थी, क्या चुनाव से पहले महिलाओं के जीवन में कठिनाइयां नहीं थी, महंगाई नहीं थी?

प्रियंका गांधी ने कहा कि हम लाडली बहन योजना से ज्यादा महिलाओं को 1,500 रुपए महीना देने का काम कांग्रेस सरकार आने पर करेंगे। किसानों की धान 2500 रुपए समर्थन मूल्य में खरीदेंगे, किसानों का कर्ज माफ करेंगे। पिछले चुनाव में जब आपने कांग्रेस की सरकार को चुना था तो 15 महीने में हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था। पुरानी पेंशन लागू करने का काम करेंगे, कांग्रेस की जब सरकार थी तो कांग्रेस ने सरकारी नौकरियां देने का काम किया, लेकिन भाजपा की सरकार जब से देश और प्रदेश में बनी है तो सभी सरकारी कंपनियों को, फैक्ट्रियों को बेचने का काम किया जा रहा है, जिससे कि लोगों को सरकारी नौकरी नहीं मिल पा रही है।


प्रियंका गांधी ने कहा कि जब हमारी सरकार 15 महीने थी तो हमने ओबीसी आरक्षण को 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया था, इस बार सरकार आने पर हम फिर से उसे लागू करेंगे। कांग्रेस का वादा है कि दो लाख सरकारी पदों को भरने का काम हमारी सरकार करने वाली है। साथ ही सरकारी भर्तियों के फार्म को निशुल्क किया जाएगा। हम 25 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख का दुर्घटना बीमा देने वाले हैं और यह काम हमारी सरकार राजस्थान में बहुत ही मजबूती से कर रही है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि चित्रकूट में पानी की समस्या बहुत पुरानी है, लेकिन 18 साल की सरकार ने अभी तक इस समस्या को दूर नहीं किया है। जब जनता कहती है कि हम परेशान हैं, किसान कहता है उसे खाद और बीज नहीं मिल रहा है तो शिवराज सिंह कहते हैं घबराओ नहीं, हम मामा हैं। युवा रोजगार मांगते हैं तो शिवराज सिंह कहते हैं कि घबराओ नहीं, हम मामा हैं। बहनों को लाडली बहन बनाते हैं, लेकिन बहनें आज मध्य प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं।


कांग्रेस नेता ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कहते हैं कि मैं प्रदेश के लोगों का मामा हूं। आज किसान कर्ज में डूबा हुआ है खाद, बीज, ट्रैक्टर सब कुछ महंगा है, डीजल महंगा है, किसानों के लिए सिंचाई और बिजली की मुश्किलें हैं तो मैं आपसे पूछती हूं मामा आप सभी के लिए कर क्या रहे हैं?

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia