मध्य प्रदेश के सागर में संदिग्ध जहरीली शराब का कहर! अब तक 9 लोगों की मौत, 35 अस्पताल में भर्ती

मध्य प्रदेश के सागर में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 35 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने 6 शराब दुकानों को सील कर जांच शुरू कर दी है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

मध्य प्रदेश के सागर जिले में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से अब तक 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और सागर जिला अस्पताल में रेफर किया गया है।

तीन गांवों में घर-घर हो रही जांच

जिला कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि रविवार सुबह से अवैध शराब के सेवन से कथित तौर पर बीमारी और मौतों की खबरें सामने आ रही हैं। इसके बाद सिविल अस्पताल में जांच शुरू की गई और प्रभावित इलाकों में चिकित्सा दल तथा प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया गया है।

नौरा और घुगरू गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में शराब का सेवन करने वाले लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इलाज कर रहे डॉक्टरों ने कुछ मरीजों में सायनोसिस यानी शरीर का नीला पड़ना और मांसपेशियों में अकड़न जैसे लक्षण बताए हैं।


24 से 48 घंटे में शराब पीने वालों को जांच की सलाह

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अपील की है कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे में किसी भी प्रकार की शराब का सेवन किया है या उनमें कोई लक्षण दिखाई दे रहे हैं, वे तत्काल चिकित्सकीय जांच कराएं।

उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और एसडीएम की टीमें नौरा और घुगरू खुर्द सहित आसपास के चिन्हित गांवों में स्क्रीनिंग कर रही हैं। लोगों को सिविल अस्पताल या किसी अन्य नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराने की सलाह दी गई है।

6 शराब दुकानें सील, नमूने जुटाए जा रहे

एहतियाती कदम के तौर पर इलाके की छह शराब दुकानों को सील कर दिया गया है। अधिकारियों को संदिग्ध शराब के नमूने एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।

सागर आयुक्त, महानिरीक्षक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने नौरा और घुगरू खुर्द गांवों का दौरा किया। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।


शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस ने संदिग्ध जहरीली शराब के स्रोत और इसकी आपूर्ति में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौतों के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकेगी।

उल्टी, सिरदर्द या बुखार पर तुरंत अस्पताल जाएं

इस बीच, सागर जिला प्रशासन ने शराब पीने के बाद उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य लक्षण महसूस करने वाले लोगों से तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की है।