मध्य प्रदेश: धार में तेंदुए से भिड़ा युवक, जमीन पर पटककर बैठा, खौफनाक तस्वीर वायरल

वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, जबकि प्रशासन ने घरों में सुरक्षित रहने और बिना जरूरत बाहर न निकलने की अपील की है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

मध्यप्रदेश के धार जिले में बस्ती के बीच तेंदुए के घुसने से हड़कंप मच गया। हमले में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बस्ती में घुसा तेंदुआ, चार लोग घायल

धार जिले के धामनोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुजरी डेहरिया में अचानक एक तेंदुआ बस्ती में आ घुसा। इससे इलाके में दहशत फैल गई। तेंदुए के हमले में महेश वास्केल, ग्यारसी लाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास पिता गोकुल डावर (निवासी बडवेल) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।


दिखा खौफनाक मंजर

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुए का हमला बेहद खतरनाक नजर आ रहा है। तेंदुए को पकड़ने की कोशिश कर रहे वन अधिकारी पर भी जानलेवा हमला हुआ।

वहीं, एक युवक ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को जमीन पर पटककर दबाने की कोशिश की, लेकिन जानवर पकड़ छुड़ाकर वहां से भाग निकला।

मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस टीम

घटना की सूचना मिलते ही फॉरेस्ट विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास शुरू किया।

सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।


इलाके में दहशत, तेंदुआ अब भी आसपास

बताया जा रहा है कि तेंदुआ अभी भी बस्ती के आसपास ही मौजूद है, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, जबकि प्रशासन ने घरों में सुरक्षित रहने और बिना जरूरत बाहर न निकलने की अपील की है।