मध्य प्रदेशः पटवारी भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे युवा, पुलिस ने हिरासत में लिया

प्रदेश में आयोजित पटवारी भर्ती परीक्षा के नतीजे जून 2023 में आए थे। मगर, गड़बड़ी के आरोप लगने पर जुलाई में परीक्षा की जांच का आदेश देते हुए जांच आयोग का गठन किया गया था। लगभग आठ महीने चली जांच के बाद इस जांच आयोग ने परीक्षा को क्लीन चिट दे दी।

मध्य प्रदेश में पटवारी भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे युवा, पुलिस ने हिरासत में लिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण विवादों में आई पटवारी भर्ती परीक्षा को निरस्त करने की मांग को लेकर कई युवा बुधवार को भोपाल में सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों के तेवर को देखते हुए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन जब वे आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने कई प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया।

दरअसल, मध्य प्रदेश में आयोजित पटवारी भर्ती परीक्षा के नतीजे जून 2023 में आए थे। मगर, गड़बड़ी के आरोप लगने पर जुलाई में परीक्षा की जांच का आदेश देते हुए जांच आयोग का गठन किया गया था। लगभग आठ महीने चली जांच के बाद इस जांच आयोग ने परीक्षा को क्लीन चिट दे दी।


इसके बाद डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बनी बीजेपी सरकार ने इस साल फरवरी माह में नतीजों के आधार पर नियुक्ति के आदेश जारी करने के निर्देश दे दिए। सरकार के निर्देश के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के आदेश जारी कर दिए। सरकार के इस फैसले से भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे अभ्यर्थी अवाक रह गए।

इसके बाद सरकार के इस फैसले के खिलाफ नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन के बैनर तले अभ्यर्थी राजधानी भोपाल में बुधवार को प्रदर्शन करने सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि जांच के लिए बनाए गए आयोग की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए। साथ ही इस पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जाए।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia