महाकुंभ की 'वायरल गर्ल' मोनालिसा ने मुस्लिम बॉयफ्रेंड से की शादी, केरल के मंदिर में रचाया ब्याह, सामने आया वीडियो
महाकुंभ में माला बेचकर वायरल हुई मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से केरल के मंदिर में शादी कर ली। शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

साल 2025 में प्रयागराज महाकुंभ मेले के दौरान माला बेचते हुए वायरल हुई मोनालिसा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी शादी है। महाकुंभ की “वायरल गर्ल” के रूप में पहचानी जाने वाली मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली है। यह शादी केरल के तिरुवनंतपुरम के पास पूवर में स्थित अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में हुई। शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंदिर में रचाई शादी, वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मोनालिसा लाल साड़ी में दिखाई दे रही हैं। वहीं फरमान खान मंदिर परिसर में मौजूद लोगों के बीच उनकी मांग में सिंदूर भरते और उन्हें मंगलसूत्र जैसा धागा पहनाते नजर आते हैं। शादी के दौरान दोनों काफी खुश दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद यह खबर तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गई।
डेढ़ साल से रिश्ते में थे दोनों
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोनालिसा मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं, जबकि उनके पति फरमान खान महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। दोनों करीब डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे। हालांकि, अलग-अलग धर्म होने की वजह से मोनालिसा के परिवार, खासकर उनके पिता जय सिंह भोसले, इस रिश्ते के खिलाफ थे। यह भी आरोप लगाया गया कि परिवार की ओर से मोनालिसा पर एक दूर के रिश्तेदार से शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था।
पुलिस से मांगी सुरक्षा
बताया गया कि मोनालिसा हाल ही में पूवर में अपनी पहली मलयालम फिल्म ‘नागम्मा’ की शूटिंग कर रही थीं। इसी दौरान उनके पिता उन्हें वापस घर ले जाने की कोशिश करने पहुंचे। इसके बाद मोनालिसा और फरमान तिरुवनंतपुरम के थम्पनूर पुलिस स्टेशन पहुंचे और सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने परिवार को स्पष्ट किया कि मोनालिसा 18 वर्ष की हैं और उन्हें यह तय करने का कानूनी अधिकार है कि वे किसके साथ रहना चाहती हैं।
नेताओं का भी मिला समर्थन
पुलिस स्टेशन से निकलने के बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। इस मौके पर केरल के कई नेता भी कपल के समर्थन में पहुंचे। केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने इस घटना को “असली केरल की कहानी” बताया। इसके अलावा CPI(M) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन और सांसद ए.ए. रहीम भी वहां मौजूद रहे।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia