महाराष्ट्र-हरियाणा में विधानसभा चुनाव आज, दूसरे राज्यों की 64 सीटों के लिए भी मतदान आज

महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए आज मतदान होगा। दोनों राज्यों की कुल 378 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा अन्य राज्यों की कुल 64 विधानसभा सीटों के लिए भी आज ही मतदान होगा। इनमें सबसे ज्यादा कर्नाटक की 16 और यूपी की 11 सीटें हैं।

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
user

नवजीवन डेस्क

महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए आज मतदान होगा। दोनों राज्यों की कुल 300 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। महाराष्ट्र में प्रत्याशियों और हरियाणा में कुल 4406 उम्मीदवारों की किस्मत आज ईवीएम में कैद हो जाएगी। दोनों ही राज्यों में मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

हरियाणा की सभी 90 सीटों पर वोटिंग

हरियाणा में प्रचार के आखिरी दिन शुक्रवार शाम तक उम्मीदवार और पार्टियां वोटरों को रिझाने की कोशिश करते रहे, और आज मतदाताओं की बारी है। आज हरियाणा की सभी 90 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, इसके लिए चुनाव आयोग ने भी अपनी जरूरी तैयारियां रविवार तक मुक्कमल हो चुकी थीं।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने प्रदेशवासियों से अनुरोध किया है कि विधानसभा आम चुनाव के लिए 21 अक्तूबर को मतदान करके लोकतंत्र में अपनी भागीदारी अवश्य सुनिश्चित करें। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी।

हरियाणा में कुल 19578 केंद्रों पर राज्य के 1.83 करोड़ वोटर कुल 1169 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 1064 पुरुष, 104 महिला उम्मीदवार और एक थर्ड जेंडर हैं। सबसे कम उम्मीदवारों वाली सीटें अंबाला कैंट और शाहबाद हैं यहां 6-6 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि सबसे ज्यादा 25 प्रत्याशी हांसी में हैं।

मतदान के लिए हरियाणा में आज सावर्जनिक अवकाश घोषित किया गया है। हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने आदेश जारी करते हुए कहा था कि सभी मतदाताओं को इस पर्व में शिरकत करनी है और मतदान के लिए पोलिंग बूथ पहुंचना है, इसलिए अवकाश दिया जा रहा है।

इस दिन प्रदेश के सभी सरकारी और अर्ध सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान, बोर्ड, कोरपोरेशन व हरियाणा के वे कार्यालय जो चंडीगढ़ और दिल्ली में मौजूद हैं, बंद रहेंगे। इसके अलावा हरियाणा के सभी प्राइवेट प्रतिष्ठानों, दुकानों, फैक्ट्रियों व उद्योगों में भी छुट्टी रहेगी। सभी प्राइवेट प्रतिष्ठान इस छुट्टी को पेड लीव समझेंगे, यानी कर्मचारियों को इस छुट्टी का वेतन भी देना होगा।

विधानसभा चुनाव में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की 130 कंपनियों समेत 75 हजार जवानों को तैनात किया गया है। वहीं पड़ोसी राज्यों द्वारा अंतर्राज्यीय सीमाओं को सील करने के लिए अपने एरिया में अधिकतम पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।


महाराष्ट्र की 288 सीटों पर मतदान

उधर महाराष्ट्र की भी सभी 288 विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान होगा। इन सीटों के लिए निर्दलीय समेत विभिन्न पार्टियों के कुल 3,237 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें महिलाओं की संख्या सिर्फ 235 है। ये महिलाएं 152 विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रही हैं। आंकड़ों के मुताबिक चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में केवल 7.3 फीसदी महिलाएं हैं। वैसे चुनाव लड़ने वाली महिलाओं का यह आंकड़ा पिछले चार चुनावों से अधिक है।

महाराष्ट्र में 8.97 करोड़ मतदाता हैं, इनमें 4.38 करोड़ महिलाएं हैं। इस लिहाज से लगभग 50 फीसदी महिला वोटरों के मुकाबले महिला उम्मीदवारों की संख्या कतई उत्साहजनक नहीं है। सभी प्रमुख दलों की महिलाएं दबी जुबान में कम प्रतिनिधित्व की शिकायत करती हैं। महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों से भले कम अपेक्षा करें मगर मुंबई जैसे देश के सबसे बडे़ और आधुनिक महानगर की 36 विधानसभा सीटों पर केवल 31 महिलाएं चुनाव लड़ रही हैं। जो कि मुंबई से कुल 334 उम्मीदवारों का 9.3 फीसदी है।

बीजेपी और कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टियों ने भी सिर्फ तीन-तीन महिलाओं को टिकट दिए हैं। मुंबई में 17 सीटों पर लड़ रही बीजेपी ने तीन मौजूदा विधायकों दहिसर से मनीषा चौधरी, वरसोवा से भारती लव्हेकर व गोरेगांव से विद्या ठाकुर को फिर उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि मुंबई की 29 सीटों पर चुनाव लड़ रही कांग्रेस ने धारावी से वर्तमान विधायक वर्षा गायकवाड़ समेत घाटकोपर पूर्व से मनीषा सूर्यवंशी और कंदीवली पूर्व से डॉ. अजंता यादव को उम्मीदवार बनाया है। शिवसेना ने भी मुंबई में 19 जगहों में एक (यामिनी जाधव) और एनसीपी ने छह जगहों में एक (दिंडोशी से विद्या चव्हाण) सीट पर महिला को टिकट दिया है।


अन्य राज्यों की 64 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव

महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों में 64 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होना है। इस सभी सीटों पर भी आद वोट डाले जाएंगे। इनमें अरुणाचल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेष, मेघालय और तेलंगाना की एक-एक, असम और गुजरात की 4, बिहार की 5, कर्नाटक की 16, उत्तर प्रदेश की 11, सिक्किम की 3 और राजस्थान और तमिलनाडू की 2-2 सीटें शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर उपचुनाव

यूपी विधानसभा की 11 सीटों पर उपचुनाव के लिए 110 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रदेश में सहारनपुर की गंगोह, रामपुर जिले की रामपुर, अलीगढ़ की इगलास, लखनऊ की कैंट, कानपुर नगर की गोविंद नगर, चित्रकूट की मानिकपुर, प्रतापगढ़ की प्रतापगढ़, बाराबंकी की जैदपुर, आंबेडकर नगर की जलालपुर, बहराइच की बलहा और मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia