महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: राज ठाकरे का ऐलान, चुनाव लड़ेगी MNS, बीजेपी और शिवसेना में हड़कंप!

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने आने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। पार्टी प्रमुख राज ठाकरे ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि वो जल्द पूरे महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) राज्य में 21 अक्टूबर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव में उतरेगी। पार्टी प्रमुख राज ठाकरे ने सोमवार को यह घोषणा की। पार्टी अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान राज ठाकरे ने कहा, “हम विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी। सीटों और उम्मीदवारों की घोषणा आने वाले दिनों में की जाएगी।” हालांकि, एमएनएस कितनी सीटों पर लड़ेगी, यह खुलासा अभी नहीं किया गया है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि लगभग 125 सीटों पर मुकाबला करने की तैयारी है।

यह बात भी अभी तक साफ नहीं है कि क्या पार्टी किसी के साथ गठबंधन करेगी या अकेले मैदान में उतरेगी। हालांकि, इसे लेकर भी पार्टी नेताओं ने दावा किया है कि वे इतनी सीटें जीतने में कामयाब रहेंगे कि किसी पार्टी को बहुमत न मिलने की स्थिति में वे ‘किंग-मेकर’ की भूमिका निभा पाएंगे।


इस दौरान राज ठाकरे ने कहा कि उनके और शरद पवार के खिलाफ ईडी की जांच इसलिए कराई जा रही है कि चुनाव में कोई आर्थिक मदद न मिल सके। उन्होंने कहा, “ईडीया कोई दूसरी एजेंसी जब पीछे पड़ती है तो कारोबारी या चुनाव में मदद करने वाले लोग संपर्क करने से बचते हैं, फोन भी नहीं उठाते हैं।”

राज ठाकरे ने इस साल के लोकसभा चुनाव में उस वक्त सभी को चौंका दिया था, जब उनकी पार्टी चुनाव मैदान में नहीं उतरने के बावजूद, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विरुद्ध माहौल बनाने में जी-जान से जुट गई थी। राज ठाकरे की रैलियों में उच्च तकनीक का इस्तेमाल हुआ था और उनके हिंदी भाषणों के वीडियो दूसरे राज्यों में भी भेजे गए थे। राज ने उस दौरान ‘लाव रे वीडियो’ (वीडियो चला) कार्यक्रम के माध्यम से सरकार के खिलाफ अभियान चलाया था।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 30 Sep 2019, 4:59 PM