सोनिया गांधी के आदेश पर अमल शुरू, महाराष्ट्र कांग्रेस ने 4627 मजदूरों की घर वापसी का खर्च उठाया

लॉकडाउन में फंसे मजदूरों से किराया वसूले जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी की सभी इकाइयों को मजदूरों की घर वापसी का इंतजाम करने का आदेश दिया था। जिसके बाद देश भर में कांग्रेस की तरफ से मजदूरों को मदद पहुंचने लगी है।

फोटोः स्क्रीनशॉट
फोटोः स्क्रीनशॉट
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा ापार्टी की प्रदेश इकाइयों और नेताओं को लॉकडाउन में फंसे गरीब मजदूरों की घर वापसी का इतंजाम करने के आदेश पर अमल शुरू भी हो गया है। इस आदेश के आने के बाद से महाराष्ट्र कांग्रेस ने अब तक करीब 4,627 प्रवासी मजदूरों के टिकट का भुगतान कर उनकी घर वापसी का इंतेजाम किया है। इसके साथ ही इन सभी मजदूरों के खाने-पीने की व्यवस्था के साथ ही इन सभी की जांच का भी कांग्रेस ने इंतजाम किया। जांच के बाद ही सभी को उनके प्रदेश रवाना किया गया।

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष और राज्य सरकार में राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने आज इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र से बिहार लौटने वाले करीब 4,627 प्रवासी मजदूरों के टिकटों का भुगतान किया गया है। उन्होेने बताया कि ऊर्जा मंत्री नितिन राउत, पशुपालन मंत्री सुनील केदार और विधायक रंजीत कांबले की देखरेख में पार्टी ने 2,019 प्रवासियों के टिकटों के भुगतान किए। इन सभी ने नागपुर से मुजफ्फरपुर और वर्धा से पटना के लिए ट्रेन ली थी।

बालासाहेब थोराट ने कहा कि चंद्रपुर के प्रभारी मंत्री विजय वडेत्तीवार और सांसद बालुभाऊ धनोरकर और पार्टी की चंद्रपुर शहर एवं जिला इकाइयों ने भी करीब 239 प्रवासियों के पटना लौटने के टिकट का भुगतान किया। साथ ही राज्य कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन ने उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए एक विशेष ट्रेन से लगभग 1,200 प्रवासियों के एक जत्थे को भेजने की व्यवस्था की। उन्होंने बताया कि अन्य प्रवासियों के टिकट और अन्य बिलों का अन्य जिला पार्टी इकाइयों, विधायकों, सांसदों और अन्य नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में ध्यान रखा है।

गौरतलब है कि बीते दिनों पूरे देश में लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूरों के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्पेशल ट्रेन चलाने के बाद रेलवे द्वारा इन मजदूरों से किराया वसूलने की खबर आई थी। कई जगह तो रेलवे द्वारा सामान्य से अधिक किराया लेने की घटना हुई। इसको लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा था कि अगर सरकार गरीब मजदूरों की घर वापसी का खर्च नहीं उठा सकती, तो कांग्रेस पार्टी खर्च उठाएगी। उन्होंने पार्टी की सभी इकाइयों को प्रवासी मजदूरों की घर वापसी का इंतजाम करने का आदेश दिया था। जिसके बाद देश भर में कांग्रेस की तरफ से मजदूरों को मदद पहुंचने लगी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia