महाराष्ट्रः विवादित ट्रेनी IAS पूजा खेडकर ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मीडिया ट्रायल कर मुझे दोषी साबित करना गलत

खेडकर ने कहा कि जब भी समिति का फैसला आएगा, वह सार्वजनिक होगा। लेकिन, अभी मुझे चल रही जांच के बारे में आपको बताने का कोई अधिकार नहीं है। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें निशाना बनाया जा रहा है, खेडकर ने कहा कि हर कोई जानता है कि क्या चल रहा है।

विवादित ट्रेनी IAS पूजा खेडकर ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मीडिया ट्रायल कर मुझे दोषी साबित करना गलत
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

महाराष्ट्र की विवादित ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर ने खुद से जुड़े विवाद में पहली बार चुप्पी तोड़ते हुए सोमवार को कहा कि वह उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच कर रही केंद्रीय समिति के समक्ष अपना पक्ष रखेंगी और सत्य की जीत होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि दोषी साबित होने तक मैं निर्दोष हूं और मीडिया ट्रायल कर मुझे दोषी साबित करना गलत है।

पूजा खेडकर (34) पुणे में तैनाती के दौरान अलग ऑफिस और स्टाफ की मांग पर विवाद खड़ा करने के बाद चर्चा में आई थीं। इसके बाद उन पर काम के बदले कुछ लोगों से मंहगे उपहार लेने और निजी गाड़ी पर लाल बत्ती लगाकर घूमने के आरोप लगे थे। इसके अलावा पूजा सिविल सेवा परीक्षा में चुने जाने के लिए कपटपूर्ण तरीके का इस्तेमाल करने के आरोपों का सामना कर रही हैं। आरोप है कि उन्होंने गलत तरीके से खुद को शारीरिक रूप से दिव्यांग और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय का बताकर नौकरी हासिल की है।


इस पूरे विवाद के बीच सोमवार को वाशिम में मीडिया से बात करते हुए पूजा खेडकर ने कहा, ‘‘मैं समिति के समक्ष अपना पक्ष रखूंगी। मुझे लगता है कि समिति जो भी निर्णय लेगी, वह सभी को स्वीकार्य होना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यहां एक परिवीक्षाधीन अधिकारी के रूप में मेरी जिम्मेदारी काम करना और सीखना है और मैं यही कर रही हूं। मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकती। सरकार के विशेषज्ञ (समिति) ही फैसला करेंगे। न मैं, न आप (मीडिया) और न ही जनता फैसला कर सकती है।’’

खेडकर ने कहा, ‘‘जब भी समिति का फैसला आएगा, वह सार्वजनिक होगा। लेकिन, अभी मुझे चल रही जांच के बारे में आपको बताने का कोई अधिकार नहीं है।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें निशाना बनाया जा रहा है, खेडकर ने कहा, ‘‘हर कोई जानता है कि क्या चल रहा है।’’ उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान इस तथ्य पर आधारित है कि जब तक आप दोषी साबित नहीं हो जाते, तब तक आप निर्दोष हैं। इसलिए मीडिया ट्रायल द्वारा मुझे दोषी साबित करना गलत है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia