महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी बोले- शिवाजी हुए पुराने, नितिन गडकरी हैं इस युग के आदर्श, बयान पर बवाल!

राज्यपाल के बयान पर कई नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनके बयान पर शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल को क्या हो गया है?

फोटो: IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उनके बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। इस बार उन्होंने छत्रपति शिवाजी को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शिवाजी पुराने युग के आदर्श हैं और नितिन गडकरी नए युग के आदर्श हैं।

राज्यपाल कोश्यारी ने कहा कि कोई अगर आपसे पूछे कि आपका आदर्श कौन है? तो आपको उसे कहीं और खोजने की जरूरत नहीं है, वह आपको महाराष्ट्र में ही मिल जाएंगे। छत्रपति शिवाजी महाराज अब एक पुराने आदर्श बन गए हैं, बाबासाहेब अंबेडकर से लेकर नितिन गडकरी तक आपको नए आदर्श मिल जाएंगे। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए यह बयान दिया।


राज्यपाल के बयान पर कई नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनके बयान पर शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल को क्या हो गया है? उन्होंने आज छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि वीर सावरकर पर राहुल गांधी की टिप्पणी का भाजपा और मनसे ने विरोध किया। इन विरोध प्रदर्शनों के दौरान फेंके गए जूतों को एकत्र कर राजभवन भेजा जाना चाहिए।

पूर्व राज्यसभा सांसद छत्रपति संभाजीराजे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि राज्यपाल इस तरह की बात क्यों कर रहे हैं। मैंने पहले भी कहा था कि उन्हें महाराष्ट्र से हटा दिया जाए। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री से हाथ जोड़कर अनुरोध करता हूं, कृपया हमें महाराष्ट्र में ऐसा व्यक्ति नहीं चाहिए। राज्यपाल छत्रपति शिवाजी महाराज और अन्य महापुरुषों एवं संतों के बारे में ऐसे विचार कैसे लेकर आ सकते हैं?


वहीं, संभाजी ब्रिगेड के नेता संतोष शिंदे ने राज्यपाल पर महाराष्ट्र विरोधी और छत्रपति शिवाजी विरोधी होने का आरोप मढ़ा है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज साढ़े तीन सौ साल बाद भी महाराष्ट्र और देश के हर व्यक्ति की नसों में रहते हैं।

इतिहास के के जानकार श्रीकांत कोकाटे ने कहा कि राज्यपाल हमेशा मुद्दे से हटकर बात करते हैं जो विवादास्पद और अपमानजनक है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने राज्यपाल की गरिमा खो दी है वह कोश्यारी हैं। शिवाजी महाराज एक महान व्यक्ति हैं जो वर्तमान और भविष्य के इतिहास को भी प्रेरित करते हैं। वे हमेशा सभी के लिए प्रेरणा रहे हैं।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia