महाराष्ट्रः भीड़ ने NCP विधायक के घर बोला हमला, लगाई आग, मराठा नेता पर टिप्पणी से भड़का गुस्सा

एनसीपी विधायक प्रकाश सोलंके के घर हमले के पीछे वायरल हो रहे एक ऑडियो क्लिप को वजह माना जा रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर मराठा आरक्षण आंदोलन नेता मनोज जारांगे पाटिल पर टिप्पणी कर रहे हैं, जो 6 दिनों से जालना के गांव में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

महाराष्ट्र में भीड़ ने NCP विधायक के घर को किया आग के हवाले, मराठा नेता पर टिप्पणी से भड़का गुस्सा
महाराष्ट्र में भीड़ ने NCP विधायक के घर को किया आग के हवाले, मराठा नेता पर टिप्पणी से भड़का गुस्सा
user

नवजीवन डेस्क

महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण के लिए जालना के अंतरौली में 6 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे मनोज जारंगे पाटिल पर विवादित बयान से नाराज सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने बीड़ के माजलगांव में अजीत पवार गुट के एनसीपी के विधायक प्रकाश सोलंके के घर और दफ्तर पर धावा बोल दिया। भीड़ ने तोड़फोड़ और पत्थरबाजी करते हुए सोलंके के घर को आग के हवाले कर दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस के समझाने पर प्रदर्शनकारी विधायक के घर और दफ्तर से हटे।

इस हमले में विधायक का घर धू-धू कर जल गया। विधायक के घर में लगी आग का धुंआ दूर तक दिखाई दे रहा था। सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने यहां दर्जनों बाइक और कार को भी फूंक दिया। वहीं दूसरी घटना में आरक्षण में देरी से नाराज प्रदर्शनकारियों ने जालना के बदनापुर तहसीलदार दफ्तर को जबरन ताला लगा दिया और महिला तहसीलदार को बाहर निकाल दिया। नाराज लोगों ने लैंड रिकॉर्ड्स, नगर पंचायत, पंचायत समिति कार्यालय में भी तालाबंदी कर दी।


बीड की घटना को लेकर विधायक प्रकाश सोलंके ने कहा कि जब हमला हुआ तब वह अपने घर के अंदर ही थे। उन्होंने कहा कि हालांकि मेरे परिवार का कोई भी सदस्य या कर्मचारी घायल नहीं हुआ। हम सभी सुरक्षित हैं, लेकिन आग के कारण संपत्ति को भारी नुकसान हुआ। घटना के बाद उनके घर पर और इलाके में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

एनसीपी विधायक प्रकाश सोलंके के घर पर हुए इस महले के पीछे उनके नाम से वायरल हो रहे एक ऑडियो क्लिप को कारण माना जा रहा है। इस ऑडियो क्लिप में प्रकाश सोलंके कथित तौर पर मराठा आरक्षण नेता मनोज जारांगे पाटिल पर टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। मराठा आरक्षण के लिए मनोज जरांगे पिछले 6 दिनों से जालना के गांव में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

हालांकि, विधायक प्रकाश सोलंके ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने सीधे घर पर पथराव शुरू कर दिया। वह बात करने के मूड में नहीं थे। उन्होंने मेरा घर घेर लिया और पथराव और तोड़फोड़ कर दिया। सोलंके ने कहा कि मैं मराठा हूं और आरक्षण का समर्थन करता हूं। कुछ लोग मेरी एडिटेड ऑडियो क्लिप वायरल कर गलतफहमी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके पीछे राजनीतिक शरारत है।


बता दें कि महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण आंदोलन इस साल अगस्त से ही चल रहा है। उस समय आरक्षण के लिए सरकार द्वारा दी गई समयसीमा खत्म होने के बाद आरक्षण आंदोलन नेता एक बार फिर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए हैं। इस बीच आरक्षण को लेकर 11 दिनों में राज्य के 13 लोग सुसाइड कर चुके हैं। वहीं मराठा आरक्षण के समर्थन में हिंगोली के शिवसेना के शिंदे गुट के सांसद हेमंत पाटिल ने इस्तीफा दे दिया है। इन सारी घटनाओं से सरकार पर दबाव बढ़ता जा रहा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia