महाराष्ट्र विधानसभा: जब सुप्रिया सुले ने हाथ जोड़कर किया स्वागत तो अजित पवार ने मुस्कुराते हुए लगाया गले

एनसीपी नेता सुप्रिया ने पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का भी गर्मजोशी से हाथ जोड़कर स्वागत किया। जैसे ही देवेंद्र फडणवीस मुस्कराते हुए आगे बढ़े तो उनके कंधे पर हाथ रखकर उनसे बात की।

फोटो: सोशल मीडिया
i

महाराष्ट्र में विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय 287 नवनिर्वाचित विधायक बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा के विशेष सत्र में शपथ ग्रहण कर रहे हैं। उन्हें प्रोटेम स्पीकर कालिदास एन कोलांबकर शपथ दिला रहे हैं। शिवसेना विधायक आदित्य ठाकरे, एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले-पवार, कांग्रेस के विभिन्न नेता विधान भवन में प्रवेश कर रहे हर पार्टी के विधायक का हाथ मिलाकर गर्मजोशी से स्वागत कर रहे थे। जैसे ही अजित पवार विधानसभा में पहुंचे सुप्रिया सुले ने हाथ जोड़कर उनका स्वागत किया। इस बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने मुस्कराते हुए चचेरी बहन सुप्रिया सुले को गले लगा लिया।

सुप्रिया ने पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का भी गर्मजोशी से हाथ जोड़कर स्वागत किया और जब वे मुस्कराते हुए आगे बढ़े तो उनके कंधे पर हाथ रखकर उनसे बात की। सुप्रिया सुले ने पूर्व स्पीकर और बीजेपी के वरिष्ठ नेता हरिभाऊ बागडे और अन्य नेताओं का भी गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे पिछले कई दिनों से चल रहा तनावपूर्ण माहौल वहां सुहावना हो गया।


मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए उद्धव ठाकरे विधान भवन आने और अन्य विधायकों से मिलने से पहले राजभवन में राज्यपाल बी.एस. कोश्यारी से औपचारिक मुलाकात की।

उद्धव ठाकरे को शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री पद के लिए महा विकास अगाड़ी का नेता चुना गया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 27 Nov 2019, 9:59 AM