महाराष्ट्र के पुणे में नाव पलटने के बाद से बचाव अभियान जारी, लापता 6 लोगों की है तलाश

एक अधिकारी ने बताया कि 7 लोगों को ले जा रही नाव तेज हवाओं और बारिश के बाद पलट गई। नाव पर सहायक पुलिस निरीक्षक श्रेणी का एक अधिकारी भी सवार था जो नाव पलटने पर तैरकर सुरक्षित निकल आया।

फोटो: सोशल मीडिया
i

महाराष्ट्र के पुणे जिले के इंदापुर तहसील में कलाशी गांव के पास उजानी बांध के पानी में कल शाम एक नाव पलटने के बाद लापता हुए 6 लोगों की तलाश और बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को तेज हवाएं चलने और बारिश के बाद हुई। इंदापुर के तहसीलदार श्रीकांत पाटिल ने बताया कि डूबने वालों में तीन पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि नाव सेवा कलाशी और भूगांव गांव के बीच चलती है। मंगलवार शाम सात लोगों को ले जा रही नाव तेज हवाओं और बारिश के बाद पलट गई। उन्होंने बताया कि नाव पर सहायक पुलिस निरीक्षक श्रेणी का एक अधिकारी भी सवार था जो नाव पलटने पर तैरकर सुरक्षित निकल आया। फिलहाल राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन की मदद से तलाश अभियान जारी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए