पटना में महात्मा गांधी से जुड़ी धरोहर के ध्वस्त होने का खतरा, इनटैक ने अधिकारियों से हस्तक्षेप की अपील की
महात्मा गांधी 15 मई 1947 को पटना पहुंचे थे। उसी दिन उनकी प्रपौत्री मनु गांधी को अपेंडिक्स की सर्जरी के लिए अस्पताल ले जाया गया था। बापू इस कदर चिंतित थे कि उन्होंने अस्पताल की इमारत की पहली मंजिल पर स्थित ऑपरेशन थिएटर में पूरी सर्जरी देखी थी।

इंटैक ने अस्पताल की पुरानी इमारत के बचे हिस्से को ध्वस्त होने से बचाने की अपील की
मई 1947 में बापू ने इस अस्पताल का दौरा किया था और प्रपौत्री की सर्जरी देखी थी
पीएमसीएच की पुनर्विकास परियोजना के तहत बचे हिस्से को ध्वस्त किए जाने का खतरा
अविभाजित बंगाल के साथ साझा विरासत और महात्मा गांधी से जुड़े इतिहास का हवाला देते हुए, कोलकाता स्थित भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत न्यास (इंटैक) ने पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) और बिहार के अधिकारियों से बांकीपुर जनरल अस्पताल की पुरानी इमारत के बचे हुए हिस्से को ध्वस्त होने से बचाने की अपील की है। मई 1947 में बापू ने इस अस्पताल का दौरा किया था।
इमारत का सिर्फ सामने का मुख्य हिस्सा ही बचा
सितंबर की शुरुआत में बुलडोजर से अस्पताल के लंबे उत्तरी हिस्से को ढहा दिया गया था जिसमें ऐतिहासिक ‘हथवा वार्ड’ भी शामिल था। हाल में दक्षिणी हिस्से को भी गिरा दिया गया जिसमें पुराना ‘गुजरी वार्ड’ शामिल था। अब इस इमारत का लगभग सिर्फ सामने का मुख्य हिस्सा ही बचा है।
महात्मा गांधी 15 मई 1947 को पटना पहुंचे थे
इस इमारत के सामने वाले हिस्से में पूर्वी और दक्षिण की ओर दो मंजिल जितने ऊंचे आकर्षक ‘डोरिक’ स्तंभ हैं। इसके साथ ही पुरानी सीढ़ियों का गलियारा और दोनों भागों के बीच ब्रिटिश शासनकाल की एक पुरानी लेकिन अब बंद पड़ी लिफ्ट भी है। पीएमसीएच की पुनर्विकास परियोजना के तहत इस हिस्से को भी जल्द ध्वस्त किए जाने का खतरा है।
भारत की आजादी से कुछ महीने पहले महात्मा गांधी ने दिल्ली से कलकत्ता (अब कोलकाता) की यात्रा की थी। उन्होंने 14 मई 1947 को बंगाल की राजधानी के दंगा प्रभावित इलाकों का दौरा किया था और वहां एक प्रार्थना सभा को भी संबोधित किया था। इसके अगले दिन 15 मई 1947 को वह पटना पहुंचे और एक प्रार्थना सभा को संबोधित किया।

बापू ने ऑपरेशन थिएटर में प्रपौत्री की पूरी सर्जरी देखी थी
उसी दिन उनकी प्रपौत्री मनु गांधी को अपेंडिक्स की सर्जरी के लिए जनरल अस्पताल ले जाया गया था। मनु गांधी उनकी देखभाल करने के साथ-साथ उनके कार्यों का लेखा-जोखा रखने वाली और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी सहयोगी भी थीं। बापू इस कदर चिंतित थे कि उन्होंने सर्जिकल मास्क पहनकर जनरल अस्पताल की इमारत की पहली मंजिल पर स्थित ऑपरेशन थिएटर में पूरी सर्जरी देखी थी।
‘इनटैक पश्चिम बंगाल’ और ‘इनटैक कलकत्ता’ शाखाओं का मुख्यालय दिल्ली में स्थित है। संगठन के मुख्यालय ने पीएमसीएच के प्राचार्य को लिखे पत्र में इस इमारत को ‘‘राष्ट्रीय धरोहर’’ बताया है। उन्होंने अधिकारियों से इसे ध्वस्त होने से बचाने और इसकी स्थापत्य कला तथा गांधीजी और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए भावी पीढ़ियों के लिए इसे संरक्षित करने की अपील की है।

इंटैक ने विधायक प्रशांत किशोर को भी भेजा पत्र
इस पत्र की प्रति बांकीपुर के विधायक और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को भी भेजी गई है। संगठन ने 22 अक्टूबर को लिखे पत्र में कहा है, ‘‘इंटैक कोलकाता, बांकीपुर जनरल अस्पताल की ऐतिहासिक इमारत के बचे हुए हिस्से को जल्द ध्वस्त किए जाने के स्पष्ट और आसन्न खतरे को लेकर बेहद चिंतित है। यह ऐतिहासिक इमारत बिहार और बंगाल की साझा विरासत का प्रतीक भी है।’’
पत्र में कोलकाता में भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत न्यास (इंटैक) के संयोजक जी. एम. कपूर ने बताया कि इस मेडिकल कॉलेज की शुरुआत 1874 में स्थापित टेंपल मेडिकल स्कूल से हुई थी। उस समय बिहार बड़े बंगाल प्रेसीडेंसी का हिस्सा था और इस स्कूल का नाम तत्कालीन बंगाल के लेफ्टिनेंट गवर्नर सर रिचर्ड टेंपल के नाम पर रखा गया था। बांकीपुर जनरल अस्पताल इसी मेडिकल स्कूल से संबद्ध था। वर्ष 1912 में बंगाल से अलग कर बिहार एवं ओडिशा प्रांत बनाया गया और 1925 में इस स्कूल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा दिया गया।

बापू की स्मृति को देखते हुए ध्वस्त नहीं करने की अपील
पत्र में कहा गया है, ‘‘1925 में टेंपल मेडिकल स्कूल को प्रिंस ऑफ वेल्स मेडिकल कॉलेज (आजादी के बाद जिसका नाम बदलकर पटना मेडिकल कॉलेज कर दिया गया) का दर्जा दिए जाने पर एमबीबीएस के पहले बैच के 35 छात्रों को सीधे कलकत्ता मेडिकल कॉलेज (जिसे उस समय मेडिकल कॉलेज बंगाल के नाम से जाना जाता था) से पटना स्थानांतरित किया गया था, ताकि वे यहां अपनी पढ़ाई शुरू कर सकें।’’
गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) ने यह भी बताया कि जनरल अस्पताल की इमारत का निर्माण मुख्य रूप से जनता से मिले दान से किया गया था। टेंपल मेडिकल स्कूल के दौर की अन्य इमारतों समेत पुराने भवनों के अधिकांश हिस्से ध्वस्त किए जाने के बाद अब यह पीएमसीएच परिसर की ‘‘सबसे पुरानी मौजूदा इमारत’’ है। संगठन ने इमारत के इतिहास और इससे जुड़ी बापू की स्मृति को देखते हुए इसे ध्वस्त नहीं करने की अपील की है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
