आगरा में यमुना घाट पर बड़ा हादसा, मंदिर की दीवार गिरी, कई लोगों के नदी में गिरने की खबर, 6 को बचाया गया
लापता लोगों की तलाश के लिए 9 गोताखोर नदी में उतारे गए हैं। वहीं इस मामले में डीएम का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति मिसिंग नहीं है। एहतेयातन गोताखोर यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना नदी किनारे बड़ा हादसा हो गया है। यहां घाट से सटे स्थित बल्केश्वर मंदिर की दीवार गिर गई, जिससे वहां ग्रिल के सहारे खड़े कई लोग मलबे में दब गए और कई नदी में गिर गए। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसे में कई लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। अब तक 6 लोगों को बचा लिया गया है।
वहीं, आगरा पुलिस ने किसी के भी नदी में गिरने से इनकार किया है। डीसीपी सिटी ने मीडिया से कहा कि थाना कमलानगर क्षेत्र के बल्केश्वर स्थित यमुना जी के किनारे लक्ष्मी मंदिर परिसर की एक दीवार अचानक नदी में ढह गई। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों के पानी में गिरने की सूचना प्रसारित की जा रही है, जिसके संबंध में अवगत कराना है कि प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा किसी भी व्यक्ति को पानी में गिरते हुए नहीं देखा है। मौके पर मौजूद 4-5 व्यक्तियों को मामूली चोट आई हैं, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिलवाया गया है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी तथा रेस्क्यू की टीमें मौके पर मौजूद हैं और एहतियात के तौर पर आवश्यक कार्यवाही भी की जा रही है।
हालांकि, खबरों के अनुसार, मंदिर की दीवार पर लगी ग्रिल के सहारे कई लोग यमुना नदी को निहार रहे थे। इसी दौरान दीवार गिर गई, जिससे कुछ लोग संतुलन खोकर नदी में गिर गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीय़ गोताखोरों और जल पुलिस के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। नदी में गिरे सभी लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल कई लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। अंधेरा होने और यमुना नदी में उफान के कारण बचाव अभियान में दिक्कतें आ रही हैं।
कुछ श्रद्धालुओं के यमुना में गिरने और कुछ के मलबे के नीचे दबने की बात कही जा रही है। कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है। रेस्क्यू अभियान जारी है, जल पुलिस और गोताखोर खोजबीन कर रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए 9 गोताखोर नदी में उतारे गए हैं। इस मामले में डीएम का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति मिसिंग नहीं है। एहतेयातन गोताखोर यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन कर रहे हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia