यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 27 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, रामपुर समेत 13 जिलों के एसपी बदले

शाहजहांपुर, एटा, रामपुर, चंदौली, फिरोजाबाद और मऊ जैसे अहम जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई है। खास बात यह रही कि लखनऊ और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में तैनात कई अधिकारियों को जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 27 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, रामपुर समेत 13 जिलों के एसपी बदले
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को व्यापक प्रशासनिक बदलाव करते हुए 27 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल में 13 जिलों के पुलिस कप्तानों को बदला गया है, जबकि कई अधिकारियों को पीएसी और विशेष सुरक्षा बल में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। शासन से जारी सूची के अनुसार, सोमवार को बड़े पैमाने पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए 13 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) सहित कुल 27 अधिकारियों को नई तैनाती दी है। इनमें एक आईजी रैंक और 26 एसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं।

जारी आदेश के अनुसार, लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात पुलिस उपायुक्त शशांक सिंह को महोबा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि विश्वजीत श्रीवास्तव को बहराइच और निपुण अग्रवाल को मुरादाबाद स्थित नौवीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक नियुक्त किया गया है। बहराइच के एसपी रामनयन सिंह को नोएडा की 49वीं वाहिनी पीएसी भेजा गया है।

इसी तरह, आईजी प्रशिक्षण चंद्र प्रकाश को सुरक्षा शाखा में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं शाहजहांपुर के एसपी राजेश द्विवेदी को अलीगढ़ स्थित 38वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है। एटा के एसपी श्याम नारायण सिंह को एसडीआरएफ भेजा गया है, जबकि महोबा के एसपी प्रबल प्रताप सिंह को पुलिस मुख्यालय में एसपी अपराध के पद पर तैनात किया गया है।


वहीं, रामपुर के एसपी विद्यासागर मिश्र को 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर, कौशांबी के एसपी राजेश कुमार द्वितीय को 44वीं वाहिनी पीएसी मेरठ और चंदौली के एसपी आदित्य लांग्हे को फिरोजाबाद का एसपी बनाया गया है। अमरोहा के एसपी अमित कुमार आनंद को लखनऊ कमिश्नरेट भेजा गया है, जबकि मऊ के एसपी इलामारन जी. को एटा का एसपी बनाया गया है। जालौन के एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार को अयोध्या में 6वीं वाहिनी एसएसएफ का सेनानायक नियुक्त किया गया है।

इसी तरह, फिरोजाबाद के एसपी सौरभ दीक्षित को शाहजहांपुर, महराजगंज के एसपी सोमेंद्र मीना को रामपुर और हमीरपुर की एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा को लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। नोएडा की 49वीं वाहिनी में तैनात कमलेश बहादुर को मऊ का एसपी नियुक्त किया गया है। अलीगढ़ में तैनात लाखन सिंह यादव को अमरोहा, एटीएस के एसपी विनय कुमार सिंह को जालौन और नोएडा कमिश्नरेट के शक्ति मोहन अवस्थी को महराजगंज का एसपी बनाया गया है।

इसके अलावा, वाराणसी में अपर पुलिस उपायुक्त आकाश पटेल को चंदौली, मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत को कौशांबी, और अलीगढ़ के एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक को हमीरपुर का एसपी बनाया गया है। मुजफ्फरनगर में एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल को अलीगढ़ में एएसपी सिटी, अलीगढ़ के एसपी ग्रामीण अमृत जैन को मुजफ्फरनगर का एसपी सिटी, और आगरा कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त महादिक अक्षय संजय को मुजफ्फरनगर में एसपी ग्रामीण नियुक्त किया गया है।

तबादला सूची में शाहजहांपुर, एटा, रामपुर, चंदौली, फिरोजाबाद और मऊ जैसे अहम जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई है। खास बात यह रही कि लखनऊ और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में तैनात कई अधिकारियों को जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही पीएसी और एसएसएफ की विभिन्न वाहिनियों में भी नए सेनानायकों की नियुक्ति की गई है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia