उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, देर रात 34 IAS अधिकारियों के हुए तबादले, कई जिलों के DM बदले गए

इस बदलाव में कई जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं, जबकि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग विभागों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
i
  • यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, सरकार ने 34 IAS अधिकारियों के तबादले किए।

  • कई जिलों के DM बदले, हरदोई, मुरादाबाद, कानपुर नगर, अमेठी, कुशीनगर समेत कई जिलों में नई तैनाती।

  • कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी, विकास प्राधिकरण और विभिन्न विभागों में भी बदलाव।

  • जसजीत कौर और जितेंद्र प्रताप सिंह समेत कई अधिकारियों का तबादला, नई पोस्टिंग के आदेश देर रात जारी किए गए।

उत्तर प्रदेश में मंगलवार देर रात एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया। योगी सरकार ने 34 IAS अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में कई जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं, जबकि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग विभागों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा को मुरादाबाद का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, राज्य कर विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात राहुल पाण्डेय को हरदोई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कई जिलों के DM बदले

आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली को एटा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। अमेठी के मौजूदा जिलाधिकारी संजय चौहान को कुशीनगर भेजा गया है। वहीं, कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर अब कानपुर नगर के जिलाधिकारी होंगे।

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक को संत कबीर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। संत कबीर नगर के डीएम आलोक कुमार को पीलीभीत की जिम्मेदारी दी गई है। पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह अब बलिया के जिलाधिकारी होंगे।

इन्वेस्ट यूपी और यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी को अमेठी का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, मुरादाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल को बागपत का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के विशेष सचिव प्रभास कुमार को महोबा का जिलाधिकारी बनाया गया है।

हमीरपुर और बिजनौर समेत कई जिलों में नई तैनाती

विशेष सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी बनाया गया है। नगर विकास विभाग के विशेष सचिव सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस का डीएम नियुक्त किया गया है। अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है।

तबादला सूची में कुछ मौजूदा जिलाधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

वहीं, कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक पद पर भेजा गया है।

सरकार की ओर से जारी इस प्रशासनिक फेरबदल में जिलों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।