कांग्रेस का सरकार बड़ा आरोप, 'हताशा और घबराहट में असल मुद्दों से ध्यान भटका रहा है पीएम तंत्र'

जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री का पूरा तंत्र अब हताशा और घबराहट में लोगों का ध्यान भटकाने और असल मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए वह वही कर रहा है जो उसके डीएनए में है, झूठ फैलाना।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • कांग्रेस का केंद्र पर बड़ा हमला, 'हताशा और घबराहट में ध्यान भटका रहा है प्रधानमंत्री का तंत्र'

  • जयराम रमेश का तीखा वार, 'झूठ फैलाना और असल मुद्दों से ध्यान भटकाना पीएम के डीएनए में'

  • 'वोट चोरी अब एक साबित हो चुकी सच्चाई', कांग्रेस नेता जयराम रमेश का बड़ा दावा

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का ‘‘पूरा तंत्र’’ हताशा और घबराहट में लोगों का ध्यान भटकाने तथा ‘‘असल मुद्दों’’ से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है लेकिन सफल नहीं होगा। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि ‘‘झूठ फैलाना’’ प्रधानमंत्री के तंत्र के डीएनए में है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘प्रधानमंत्री का पूरा तंत्र अब हताशा और घबराहट में लोगों का ध्यान भटकाने और असल मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए वह वही कर रहा है जो उसके डीएनए में है, झूठ फैलाना।’’

उन्होंने दावा किया कि ‘‘वोट चोरी अब एक साबित हो चुकी सच्चाई है’’ और निर्वाचन आयोग के अपने आंकड़ों के मुताबिक, 10 करोड़ से अधिक भारतीयों के वोट देने के संवैधानिक अधिकार पर खतरा मंडरा रहा है।


कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने नए मतदाताओं के लिए बाधाएं खड़ी करने के उद्देश्य से फॉर्म-6 में ‘‘गैरकानूनी बदलाव’’ किए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि मतदाताओं के नाम चुन-चुनकर हटाने के लिए फॉर्म-7 के ‘‘बड़े पैमाने पर दुरुपयोग’’ को बढ़ावा दिया गया है।

जयराम रमेश ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर आरोप लगाया कि उन्होंने ‘ईसीआईनेट’ का इस्तेमाल कर मतदाता सूची पर नियंत्रण को केंद्रीकृत कर दिया और इस दौरान सभी कानूनी सुरक्षा प्रावधानों को दरकिनार किया।

उन्होंने कहा, ‘‘पूरा देश आक्रोशित है। जनता में भारी गुस्सा है। दमन के बावजूद विरोध प्रदर्शन जारी हैं।’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री का तंत्र इन मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन वह इसमें सफल नहीं होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है और देश की जनता उन्हें जवाबदेह ठहराएगी।’’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए