कांग्रेस का बड़ा आरोप: पीएम मोदी और अमित शाह 2014 से लगातार संसद का मखौल उड़ा रहे हैं

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसे लेकर ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘यह बिल्कुल भी आश्चर्यजनक नहीं है कि बीजेपी के तंत्र ने आज ‘मॉक पार्लियामेंट’ का आयोजन किया। आखिरकार, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री 2014 से लगातार संसद का मखौल उड़ाते रहे हैं।’’

फोटो: सोशल मीडिया
i

 कांग्रेस ने एक संगठन द्वारा ‘मॉक पार्लियामेंट’ (प्रतीकात्मक संसद) आयोजित किए जाने के बाद शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2014 से लगातार संसद का ‘‘मखौल उड़ाते’’ रहे हैं तथा ऐसे में इस ‘‘प्रायोजित’’ आयोजन को लेकर कोई हैरानी की बात नहीं है।

दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में ‘लोकतंत्र बनाम अराजकता’ विषय पर आयोजित ‘मॉक पार्लियामेंट’ में प्रतिभागियों ने वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं की भूमिकाएं निभाईं। इस दौरान चुनावी शुचिता, लोकतांत्रिक संस्थाओं और राजनीतिक जवाबदेही से जुड़े मुद्दों पर चर्चा केंद्रित रही।

नागरिक अधिकार समूह ‘सिटिजन्स फॉर डेमोक्रेसी’ द्वारा आयोजित इस सत्र का उद्देश्य संसदीय कार्यवाही को प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत करना था। इसमें प्रतिभागियों ने समकालीन राजनीतिक और संवैधानिक मुद्दों पर बहस की, सवाल उठाए और अपने तर्क रखे।


कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसे लेकर ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘यह बिल्कुल भी आश्चर्यजनक नहीं है कि बीजेपी के तंत्र ने आज ‘मॉक पार्लियामेंट’ का आयोजन किया। आखिरकार, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री 2014 से लगातार संसद का मखौल उड़ाते रहे हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विधेयकों को ‘‘जबरन पारित कराया’’, जनहित के महत्वपूर्ण और तात्कालिक मुद्दों पर बहस की अनुमति नहीं दी, संसदीय संस्थाओं को कमतर किया और संसद के दोनों सदनों को ‘‘आत्म-प्रशंसा का मंच’’ बना दिया।

कांग्रेस महासचिव ने दिसंबर 2023 की घटनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि विपक्ष के 145 सांसदों के निलंबित रहने के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) को ‘‘अभूतपूर्व आजीवन संरक्षण’’ प्रदान करने वाला विधेयक संसद के दोनों सदनों से पारित कराया गया।

रमेश ने आरोप लगाया कि इसके कुछ समय बाद ज्ञानेश कुमार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनाया गया, ताकि ‘‘मोदी-शाह की दुर्भावनापूर्ण योजनाओं’’ को लागू किया जा सके और करोड़ों भारतीयों को उनके संवैधानिक मताधिकार से वंचित किया जा सके।


कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने भी ‘मॉक पार्लियामेंट’ को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बीजेपी द्वारा प्रायोजित संगठन ऐसे समय ‘मॉक पार्लियामेंट’ आयोजित कर रहे हैं जब भाजपा खुद 12 साल से संसद का मखौल उड़ाती रही है।’’

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि पहले संसद को ‘‘रबर स्टांप’’ की तरह इस्तेमाल करके विधेयकों को पारित कराया गया और विपक्ष की आवाज दबाई गई तथा अब ‘मॉक पार्लियामेंट’ आयोजित करके ‘‘लोकतंत्र का क्रूर मजाक’’ बनाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘वाह मोदी जी, वाह!’’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए