सावन के अंतिम सोमवार पर बड़ा हादसा, मधेपुरा के सिंहेश्वर मंदिर में भगदड़, कई श्रद्धालु घायल, अस्पताल में भर्ती
मंदिर में प्रवेश के दौरान श्रद्धालुओं के बीच आगे निकलने की होड़ मच गई। इसी दौरान कुछ लोग असंतुलित होकर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

बिहार के मधेपुरा स्थित प्रसिद्ध सिंहेश्वर धाम मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर भक्तों की भीड़ बढ़ती गई। कुछ ही देर में भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि स्थिति बेकाबू होने लगी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर में प्रवेश के दौरान श्रद्धालुओं के बीच आगे निकलने की होड़ मच गई। इसी दौरान कुछ लोग असंतुलित होकर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। लोग एक-दूसरे की मदद करते हुए दबे हुए श्रद्धालुओं को बाहर निकालने में जुट गए।
छह श्रद्धालु घायल, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में करीब छह श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल भीड़ को नियंत्रित किया और जमीन पर गिरे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
सुबह 6:25 से 7 बजे के बीच बिगड़े हालात
बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 6:25 से 7 बजे के बीच मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर हुई। अंतिम सोमवारी के कारण मंदिर में पहले से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान था। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए गए थे।
भीड़ का दबाव बढ़ने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। सुरक्षाकर्मियों के साथ सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी राहत और बचाव में सहयोग किया।
प्रशासन ने संभाली स्थिति, बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए थे। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन की व्यवस्था दोबारा सुचारू कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
