केरल: महिला से दुष्कर्म का आरोपी पादरी गिरफ्तार, बाकी के आरोपी अभी भी फरार

केरल के कोल्लम में मलंकारा आर्थोडॉक्स चर्च जाने वाली एक महिला ने आरोप लगाया था कि पिछले एक दशक से पांच पादरी उसका यौन शोषण कर रहे थे। महिला की शिकायत के बाद पांचों पादरियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

केरल में दुष्कर्म के चार आरोपी पादरियों में से एक फादर जॉब मैथ्यू कोल्लम अपराध शाखा की गिरफ्त में आ गया है। पुलिस ने बताया कि मैथ्यू को उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वह अदालत जा रहा था। हालांकि, आरोपी पादरी ने गिरफ्तार किए जाने की बात से इनकार किया है। पादरी ने कहा कि उसने आत्मसमर्पण किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोल्लम के पुलिस प्रमुख के दफ्तर ले जाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

कोच्चि में उच्च न्यायालय द्वारा बुधवार को शिकायत में नामित 3 पादरियों की अग्रिम जमानत को खारिज किए जाने के बाद मलंकारा आर्थोडॉक्स चर्च के पादरियों की गिरफ्तारी निश्चित हो गई थी।

पादरियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने बताया था कि वह नियमित तौर पर मलंकारा आर्थोडॉक्स चर्च जाती थी। पिछले एक दशक से पांचों पादरी उसका यौन शोषण कर रहे थे। महिला के पति की शिकायत के मुताबिक, इन पादरियों में से एक उसकी पत्नी को ब्लैकमेल कर रहा था। इस पादरी ने सबसे पहले महिला का यौन शोषण किया था। महिला ने जब अन्य पादरी से मदद मांगी तो उन लोगों ने भी उसे धमकी दी और इस बात को साथी पादरी से साझा कर दिया। इसके बाद पांचों पादरियों ने उसका यौन शोषण किया।

राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा मामले की निगरानी करने के बाद पुलिस पर दबाव बढ़ा और उसके बाद चार पादरी यौन शोषण के लिए आरोपित किए गए। एक पादरी कार्रवाई से बच गया, क्योंकि पीड़ित ने सिर्फ चार नामों का उल्लेख किया था।

अदालत ने बीते हफ्ते भी आरोपियों को कोई राहत देने से इनकार कर दिया था। आरोपियों की मांग थी कि जब तक अदालत में जमानत याचिका दाखिल नहीं हो जाती, तबतक उनकी गिरफ्तारी को रोका जाना चाहिए।

कोयट्टम मुख्यालय स्थित चर्च इन आरोपों के सामने आने के बाद सकते में है और कहा जा रहा है कि अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर पिनाराई विजयन सरकार पर दबाव डाल रहा है। हालांकि, अदालत के कड़ा रुख अपनाने के बाद चर्च अधिकारियों ने इन पादरियों से कहा कि उनके पास कानून का सम्मान करने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 12 Jul 2018, 4:57 PM