'वोट चोरी' पर आरपार: मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया, आगे की रणनीति पर भी चर्चा संभव

माना जा रहा है कि इस दौरान विपक्षी दलों के नेता मंगलवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ हुए प्रदर्शन के बाद आगे की रणनीति पर भी चर्चा कर सकते हैं।

उपराष्ट्रपति चुनावः मतदान से एक दिन पहले विपक्षी नेताओं ने की अहम बैठक, अंतिम रणनीति पर हुई चर्चा
i

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों को दोपहर के भोज पर आमंत्रित किया है, जिसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं से जुड़े मुद्दे पर आगे की रणनीति को लेकर मंथन होने की संभावना है।

सूत्रों ने बताया कि जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्तरां में अपराह्न करीब 1:30 बजे होने वाले इस भोज में मंगलवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ हुए प्रदर्शन के बाद विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, इस दौरान विपक्षी दलों के सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात का आग्रह करने वाले एक पत्र पर भी हस्ताक्षर कर सकते हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा था कि विपक्ष के 300 सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलकर यह कहना चाहते हैं कि आपने ‘‘वोट चोरी’’ की है।

मंगलवार को क्या हुआ?

‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को संसद से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च आयोजित किया था।

पुलिस ने मार्च को संसद मार्ग के पास अवरोधक लगाकर रोक दिया था। इसके बाद कई विपक्षी नेताओं और सांसदों ने वहीं धरना दिया। दिल्ली पुलिस ने करीब 260 लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें ‘इंडिया’ गठबंधन के 10 सांसद भी शामिल थे। बाद में हिरासत में लिए गए नेताओं को छोड़ दिया गया।


प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं समेत कई विपक्षी नेता मौजूद थे।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बाद में आकाशवाणी भवन परिसर में भी धरने पर बैठ गए और करीब आठ घंटे बाद पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक हिरासत में लिया।

सूत्रों का कहना है कि ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों से बुधवार को भी दिल्ली में मौजूद रहने के लिए कहा गया था। ऐसे में आज का दोपहर का भोजन विपक्षी सांसदों के बीच समन्वय और आगे के कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।