पश्चिम बंगाल: IPAC रेड को लेकर ममता बनर्जी ने दर्ज कराई शिकायत, दो पुलिस स्टेशनों में FIR

दोनों शिकायतों में न तो किसी ईडी अधिकारी और न ही केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों का नाम लिया गया है। ये शिकायतें अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी
i
user

नवजीवन डेस्क

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कोलकाता के दो पुलिस स्टेशनों में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा इंडिया पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पैक) के कार्यालय और इसके को-फाउंडर प्रतीक जैन के घर पर एक साथ की गई छापेमारी और तलाशी अभियान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

सूत्रों के मुताबिक, एक शिकायत कोलकाता पुलिस के शेक्सपियर सरानी पुलिस स्टेशन में और दूसरी इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। हालांकि, दोनों शिकायतों में न तो किसी ईडी अधिकारी और न ही केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों का नाम लिया गया है। ये शिकायतें अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई हैं।

वहीं इससे पहले पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसदों ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने ED पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया। इस दौरान TMC सांसद महुआ मोइत्रा और राज्यसभा सांसद डेरेक ओब्रायन समेत करीब 8 नेताओं को हिरासत में लिया गया।


TMC सांसद कीर्ति आजाद ने कहा कि ED ने गलत तरीके से छापे मारे हैं और यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने की कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी इस तरह की एजेंसियों के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता उन्हें जवाब देगी।

वहीं TMC सांसद शताब्दी रॉय ने कहा कि चुनाव आते ही ED और CBI को सक्रिय कर दिया जाता है। उनका आरोप है कि विपक्ष को डराने की यह रणनीति अब जनता समझ चुकी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia