ममता ने बीजेपी को पहले बंगाल और फिर दिल्ली की सत्ता से बाहर करने की कसम खाई

ममता ने चुनाव आयोग पर मुख्य सचिव, गृह सचिव और राज्य के पुलिस महानिदेशक सहित सभी अधिकारियों को बदलने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने सब कुछ बदल दिया लेकिन मुझे नहीं बदल पाएंगे, क्योंकि मुझे अपनी जनता, अपने भाइयों और बहनों पर भरोसा है।

ममता ने बीजेपी को पहले बंगाल और फिर दिल्ली की सत्ता से बाहर करने की कसम खाई
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी को पहले राज्य से और फिर दिल्ली की सत्ता से बाहर निकाल फेंकने का संकल्प लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनी हुई सरकार होने के बावजूद निर्वाचन आयोग राज्य में प्रशासन चला रहा है। ममता बनर्जी ने कहा, “यह मेरा वादा है। मैं बीजेपी को पहले बंगाल से और फिर दिल्ली की सत्ता से बाहर निकाल फेंकूंगी।”

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने वैष्णव नगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बुधवार को मालदा में सात न्यायिक अधिकारियों के घेराव की घटना की निंदा की और कहा कि अब केंद्रीय एजेंसियां, चाहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) हो या फिर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए), उच्चतम न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई करेंगी।

ममता ने कहा, “चुनाव से पहले इस तरह की गतिविधियों में शामिल नहीं होना चाहिए। इस घटना से पूरे राज्य की बदनामी हुई है।” उन्होंने यह भी कहा कि वह शांति की समर्थक हैं और सभी समुदायों के लोगों को साथ लेकर चलती हैं। ममता ने निर्वाचन आयोग पर बीजेपी के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में विकास कार्य ठप हो गए हैं। उन्होंने कहा, “निर्वाचन आयोग ने बीजेपी के इशारे पर बंगाल को बर्बाद कर दिया है। राज्य में विकास कार्य रुक गए हैं।”


ममता ने बार-बार आयोग पर बीजेपी भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया है। टीएमसी प्रमुख ने कहा, “(प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी और (केंद्रीय गृह मंत्री) अमित शाह देश को बर्बादी के रास्ते पर ले जा रहे हैं।” मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी ने हर किसी के बैंक खाते में 15 लाख रुपये और हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था लेकिन इनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ।

ममता ने कहा, “बीजेपी और उसके दो सहयोगियों कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) को कभी माफ मत करना।” उन्होंने तीनों पार्टियों पर एक-दूसरे के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने मालदा में कांग्रेस पर बीजेपी के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि 2024 में हुए लोकसभा चुनावों में जिले की दो सीट पर दोनों पार्टियों ने एक-एक सीट जीती। तृणमूल प्रमुख ने कहा, “यहां से हमारा कोई लोकसभा सदस्य नहीं है, लेकिन फिर भी हमने मालदा में विकास कार्य किए हैं।”


ममता बनर्जी ने आयोग पर मुख्य सचिव, गृह सचिव और राज्य के पुलिस महानिदेशक सहित सभी अधिकारियों को बदलने का आरोप लगाते हुए कहा, “उन्होंने (आयोग ने) सब कुछ बदल दिया लेकिन मुझे नहीं बदल पाएंगे, क्योंकि मुझे अपनी जनता, अपने भाइयों और बहनों पर भरोसा है।”

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia