मुलायम सिंह के निधन पर सोनिया गांधी बोलीं- सदा अविस्मरणीय रहेगा उनका योगदान, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी ने जताया दुख

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा, "श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। समाजवादी विचारों की एक मुखर आवाज़ आज मौन हो गई।"

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

रवि प्रकाश @raviprakash24

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। इसके बाद से देश के तमाम छोटे-बड़े नेता इस पर प्रतिक्रिया जाहिर कर दुख जता रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा, "श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। समाजवादी विचारों की एक मुखर आवाज़ आज मौन हो गई।"

उन्होंने आगे कहा, "देश के रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में मुलायम सिंह जी का योगदान सदा अविस्मरणीय रहेगा। उससे कहीं ज़्यादा, शोषितों और वंचितों के लिए उनका संघर्ष सदैव याद किया जाएगा।"

सोनिया गांधी ने कहा, "देश के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जब भी जरूरत पड़ी, उनका साथ हमेशा कांग्रेस को मिला है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। उनके परिवार और समर्थकों के लिए यह अत्यंत दुःख की घड़ी है। मेरी संवेदनाएं श्री अखिलेश यादव और उनके परिजनों के साथ है।"


पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह ने भी मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने अखिलेश यादव को पत्र लिखकर दुख जताया है।

पत्र में लिखा, वह उच्च सम्मान के नेता थे, जिनका पार्टी लाइनों के बावजूद हर कोई सम्मान करता था। वह समाजवादी आंदोलन के प्रतीक थे और कई बार उत्तर प्रदेश विधानसभा और लोकसभा के लिए चुने गए। उन्होंने कई बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया। वह एक महान सांसद और एक प्रतिष्ठित प्रशासक थे जिन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों और अन्य पिछड़े समुदायों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा, इस दुखद अवसर पर आपको और आपके परिवार के अन्य सदस्यों के लिए गहरी संवेदनाएं है। भगवान आप सभी को साहस और धैर्य के साथ सहन करने की शक्ति दे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक प्रकट किया है। भारत जोड़ो यात्रा कर रहे राहुल ने ट्वीट कर कहा, "श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन एक बेहद दुःखद समाचार है। वो ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे। मैं श्री अखिलेश यादव समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।"


बता दें कि सपा सरंक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया। वे 82 साल के थे। उन्होंने आज सुबह 8:15 बजे अंतिम सांस ली। मुलायम सिंह यादव को यूरिन संक्रमण, ब्लड प्रेशर की समस्या और सांस लेने में तकलीफ के चलते कुछ दिन पहले मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत लगातार नाजुक बनी हुई थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */