ड्रग्स मुद्दे पर घिरी मान सरकार, राहुल गांधी बोले- नशे के खिलाफ हमारी जंग रहेगी जारी, खत्म किए बिना चैन से नहीं बैठेंगे
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाना अब ‘‘जानलेवा’’ हो गया है और यह मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार के शासन में हो रहा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब में मादक पदार्थों के मुद्दे को लेकर बुधवार को आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि राज्य के युवाओं का भविष्य तबाह करने वाले ‘नशे के साम्राज्य’ को खत्म किए बिना उनकी पार्टी चैन से नहीं बैठेगी।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाना अब ‘‘जानलेवा’’ हो गया है और यह मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार के शासन में हो रहा है।
उन्होंने मानसा में ‘नशा रोको, रोजगार दो’ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा को गोली मारे जाने की घटना का उल्लेख करते हुए दावा किया कि यह घटना ‘फेसबुक लाइव’ पर साफ दिखाई दी।
राहुल गांधी ने संगरूर की एक घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि मजदूर गुलजार सिंह ने एक मंत्री के सामने गांव में नशे का मुद्दा उठाया था और इसके बाद उन पर माफी मांगने का दबाव बनाया गया, जिस वजह से उन्होंने अपनी जान दे दी।
उन्होंने संगरूर की एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले मोहनजीत सिंह को हिरासत में यातना दिए जाने के आरोप हैं और यह मामला अब उच्च न्यायालय में है।
कांग्रेस नेता ने झोटा से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उनकी शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई, लेकिन बाद में पुलिस ने झोटा के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया। राहुल गांधी ने सवाल किया, ‘‘जिस सरकार में शिकायत करने वाला भी मुलजिम बन जाए, वहां नशे के सौदागर बेखौफ क्यों न हों?’’
उन्होंने मुख्यमंत्री मान से सवाल किया कि नशे के खिलाफ लड़ने वाले लोगों की हिफाजत कौन करेगा। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘पंजाब के युवाओं का भविष्य तबाह करने वाले इस नशे के साम्राज्य को खत्म किए बिना कांग्रेस चैन से नहीं बैठेगी।’’
कांग्रेस महासचिव एवं पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने ‘पीटीआई वीडियो’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘पंजाब में 'चिट्टा' (नशा) की असीमित आपूर्ति है और सीमा पार से रासायनिक नशीले पदार्थ पंजाब में आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि पिछले 12 वर्षों से दिल्ली में शासन कर रही भाजपा कह रही है कि हम पंजाब को नशा-मुक्त बनाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सीमा पार से जो मादक पदार्थ आ रहे हैं, उनका क्या? गृह मंत्रालय क्या कर रहा है? ...गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह से 21,000 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन जब्त की गई थी। यह तो वह खेप थी, जो पकड़ी गई। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितनी मात्रा में मादक पदार्थ अंदर आ चुके होंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक बार जब नशीले पदार्थ पंजाब की सीमा तक पहुंच जाते हैं, तो पुलिस, प्रशासन और राजनेताओं के बीच सक्रिय माफिया की सहमति के बिना उन्हें गांवों और मोहल्लों तक कैसे पहुंचाया जा सकता है? यह असंभव है।’’
पायलट ने दावा किया, ‘‘पंजाब में लोग कहते हैं कि अगर आप पिज्जा या कोक मंगाना चाहें तो उसे आने में आधा घंटा या 40 मिनट लगते हैं, लेकिन फोन करके 'चिट्टा' उससे भी जल्दी घर पर मंगाया जा सकता है।’’
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या वास्तव में पूरी युवा पीढ़ी को अंदर से खोखला कर रही है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया था कि सरकार बनने के तीन महीने के भीतर वह पंजाब से नशे की समस्या खत्म कर देगी।
उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर और नशीले पदार्थों पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
