मोदी सरकार में मंत्री रहे मनोज सिन्हा होंगे जम्मू-कश्मीर के नए उपराज्यपाल, जीसी मुर्मू का इस्तीफा मंजूर

मनोज सिन्हा गाजीपुर से सांसद रह चुके हैं। वह पूर्वी यूपी में बीजेपी के बड़े चेहरा रहे हैं। मनोज सिन्हा 2019 का लोकसभा चुनाव हार गए थे। उन्हें बीएसपी के अफजाल अंसारी ने हरा दिया था। सिन्हा की हार को बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका माना गया था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

मोदी सरकार में मंत्री रह चुके और बीजेपी नेता मनोज हिन्हा जम्मू-कश्मीर के नए उपराज्यपाल होंगे। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल पद से बुधवार शाम को गिरीश चंद्र मुर्मू ने इस्तीफा दे दिया था। मुर्मू का इस्तीफा स्वीकार करने के बाद गुरुवार सुबह राष्ट्रपति भवन की ओर से मनोज सिन्हा की नियुक्ति का ऐलान किया गया। पिछले साल 5 अगस्त को ही जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाया गया था। धारा 370 हटाने के ठीक एक साल पूरा होने पर यानी 5 अगस्त, बुधवार शाम को अचानक गिरीश मुर्मू के इस्तीफे की खबर आई थी।

कौन हैं मनोज सिन्हा?

मनोज सिन्हा गाजीपुर से सांसद रह चुके हैं। वह पूर्वी यूपी में बीजेपी के बड़े चेहरा रहे हैं। मनोज सिन्हा 2019 का लोकसभा चुनाव हार गए थे। उन्हें बीएसपी के अफजाल अंसारी ने वोटों के बड़े अंतर से हरा दिया था। सिन्हा की हार को बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका माना गया था। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में मनोज सिन्हा ने रेलव राज्यमंत्री और संचार राज्यमंत्री का कार्यभार संभाला था।

उत्तर प्रदेश के 2017 के विधानसभा चुनाव में जब बीजेपी को जीत मिली थी, तब मनोज सिन्हा को सीएम पद की रेस में सबसे आगे बताया गया था। कहा जाता है कि उस दौरान मनोज सिन्हा दिल्ली से वाराणसी पूजा करने पहुंच गए थे। उन्हें उम्मीद थी कि पार्टी उन्हें सीएम पद का कार्यभार सौंपेगी। लेकिन पार्टी की ओर से योगी आदित्यनाथ को आगे कर दिया गया था। मनोज सिन्हा की गिनती पीएम मोदी के भरोसेमंद नेताओं में होती है। यही वजह है कि शायद एक बार फिर उन्हें केंद्र सरकार की ओर से बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia