जंतर-मंतर आंदोलन: अरुंधति रॉय, नसीरुद्दीन शाह समेत कई हस्तियों ने प्रदर्शकारियों से अनशन समाप्त करने की अपील की

संयुक्त बयान में इन हस्तियों ने कहा कि वे सरकार के खिलाफ चल रहे आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए प्रदर्शनकारियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हैं। हालांकि, उन्होंने प्रदर्शनकारियों की लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति पर गंभीर चिंता भी जताई।

फोटो: सोशल मीडिया
i

लेखिका अरुंधति रॉय, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह और अर्थशास्त्री जयती घोष समेत कई प्रमुख हस्तियों ने सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारियों से अपना अनशन समाप्त करने की अपील की। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का भी खुलकर समर्थन किया।

संयुक्त बयान में इन हस्तियों ने कहा कि वे सरकार के खिलाफ चल रहे आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए प्रदर्शनकारियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हैं। हालांकि, उन्होंने प्रदर्शनकारियों की लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति पर गंभीर चिंता भी जताई।

बयान में कहा गया, "आपने जिस साहस, प्रतिबद्धता और दृढ़ता के साथ इस आंदोलन का नेतृत्व किया है, वह पूरे देश के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।"

प्रदर्शनकारियों से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, "हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आगे की लंबी और चुनौतीपूर्ण लड़ाई को ध्यान में रखते हुए कृपया अपना अनशन समाप्त करने पर विचार करें। यह संघर्ष अल्पकालिक नहीं, बल्कि एक लंबी लड़ाई है, जिसमें आने वाले समय में आपके नेतृत्व, ऊर्जा और सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता होगी।"

बयान में यह भी कहा गया कि उन्हें आशंका है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो अनशन पर बैठे प्रदर्शनकारियों की सेहत और अधिक बिगड़ सकती है। ऐसे में आंदोलन को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए उनका स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए