नोएडा के ममूरा में पांच मंजिला मकान में भीषण आग, दो लोगों की जलकर मौत, 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

शुरुआती जांच में आग लगने की वजह मकान के अंदर खड़ी एक इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बाइक से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया और पूरा मकान धुएं और लपटों से घिर गया।

फोटो: सोशल मीडिया
i

नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र स्थित ममूरा गांव में बुधवार को एक पांच मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में 26 वर्षीय महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग कुछ समय तक इमारत में फंस गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने करीब 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में ले लिया है।

इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग से आग लगने की आशंका

शुरुआती जांच में आग लगने की वजह मकान के अंदर खड़ी एक इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बाइक से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया और पूरा मकान धुएं और लपटों से घिर गया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फायर विभाग और पुलिस विस्तृत जांच कर रहे हैं।

धुएं के बीच फंसे लोगों का किया गया रेस्क्यू

आग तेजी से फैलने के कारण कई लोग इमारत के अलग-अलग हिस्सों में फंस गए। दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों और अन्य बचाव उपकरणों की मदद से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ लोगों को पड़ोसी मकानों के रास्ते सीढ़ी लगाकर बाहर निकाला गया। संकरी गलियों और घनी आबादी के कारण राहत एवं बचाव अभियान चलाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

दो लोगों की मौत, पहचान की प्रक्रिया जारी

इस हादसे में एक 26 वर्षीय महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान और आग लगने के समय उनकी स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।

जांच में जुटे अधिकारी, लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस और फायर विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक बाइक से स्पार्किंग की आशंका जताई गई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही आग लगने की सही वजह स्पष्ट होगी। यदि जांच में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए