मायावती ने उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने का किया ऐलान, कार्यकर्ताओं से कहा- तैयारी करते रहो

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने एक बड़ा ऐलान किया है। बुधवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने साफ कर दिया है कि आगमी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

पीटीआई (भाषा)

google_preferred_badge

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आगामी विधानसभा चुनाव में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि उनकी पार्टी अगला चुनाव अपने बलबूते ही लड़ेगी।

मायावती ने कहा कि एआई की मदद से यह खबरें फैलायी जा रही है कि बसपा उत्तर प्रदेश में पार्टी विधानसभा का होने वाला अगला चुनाव गठबंधन में लड़ेगी। इसकी आम चर्चा है जो विशुद्ध रूप से लोगों को गुमराह करने की नीयत से फैलायी जा रही ‘फेक न्यूज’ है।

मायावती ने कहा कि कहा, ‘‘यह बिल्कुल गलत, झूठ, हवा-हवाई एवं मनगढ़ंत खबर है। ऐसे में नेताओं के साथ-साथ मीडिया को भी इस प्रकार की खबरों से बचना चाहिए।’’ बसपा प्रमुख ने कहा कि वह अपनी पार्टी द्वारा अपने बलबूते पर चुनाव लड़ने के बारे में कई बार सार्वजनिक तौर पर ऐलान कर चुकी हैं और खासतौर से नौ अक्टूबर 2025 को बसपा के जन्मदाता एवं संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि के मौके पर लखनऊ में आयोजित महारैली में भी इसकी खुली घोषणा की जा चुकी है।

मायावती ने आगे कहा कि अब ऐसी किसी भी चर्चा या बहस की कोई गुंजाइश नहीं बची है। हालांकि, साजिश के तहत कुछ लोग और मीडिया का एक वर्ग इस तरह की फर्जी खबरें फैला रहा है। इसे बसपा विरोधी हथकंडा ही माना जाएगा जिस पर लोगों को ध्यान देने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा, ‘‘जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा तो साम-दाम-दंड-भेद आदि हथकंडे अपनाकर बसपा को सत्ता से दूर रखने के विरोधियों के षड्यंत्र और भी बढ़ते जाएंगे। बसपा कार्यकर्ता किसी बहकावे में न आयें और अगले चुनाव की तैयारी में तन-मन-धन से लगे रहें।’’

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia