मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को किया माफ, बीएसपी में फिर मिलेगा मौका, लेकिन इनसे अब भी नाराजगी जारी

रविवार को आकाश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक चार पोस्ट कर अपनी गलतियों के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी। आकाश की ओर से माफी मांगे जाने के बाद मायावती ने भी आकाश को माफ कर दिया।

फोटो: सोशल मीडिया
i

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती और उनके भतीजे आकाश आनंद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। रविवार को आकाश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक चार पोस्ट कर अपनी गलतियों के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी। आकाश की ओर से माफी मांगे जाने के बाद मायावती ने भी आकाश को माफ कर दिया और उन्हें पार्टी में एक और मौका देने का ऐलान किया।

मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को किया माफ, बीएसपी में फिर मिलेगा मौका, लेकिन इनसे अब भी नाराजगी जारी

मायावती ने एक्स पर लिखा, "आकाश आनंद द्वारा एक्स पर आज अपने चार पोस्ट में सार्वजनिक तौर पर अपनी गलतियों को मानने और सीनियर लोगों को पूरा आदर-सम्मान देने के साथ ही अपने ससुर की बातों में भविष्य में नहीं आकर बीएसपी और आंदोलन के लिए जीवन समर्पित करने के मद्देनजर इन्हें एक और मौका दिए जाने का निर्णय (किया गया है)।"

उन्होंने लिखा, "वैसे अभी मैं स्वस्थ हूं और जब तक पूरी तरह से स्वस्थ रहूंगी, मान्यवर कांशीराम की तरह, पार्टी और आंदोलन के लिए पूरे जी-जान तथा तन्मयता से समर्पित रहकर कार्य करती रहूंगी। ऐसे में मेरे उत्तराधिकारी बनाने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता है। मैं अपने निर्णय पर अटल हूं और रहूंगी।"


मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को किया माफ, बीएसपी में फिर मिलेगा मौका, लेकिन इनसे अब भी नाराजगी जारी

इससे पहले आकाश आनंद ने एक्स पर एक के बाद एक चार पोस्ट किए। अपने पोस्ट में उन्होंने बताया कि वह अपना एकमात्र राजनीतिक गुरु और आदर्श मायावती को मानते हैं।

आकाश आनंद ने पोस्ट में लिखा, "बीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की चार बार रही मुख्यमंत्री एवं लोकसभा तथा राज्यसभा की भी कई बार सांसद रहीं आदरणीय बहन कु. मायावती जी को मैं दिल से एकमात्र राजनीतिक गुरु और आदर्श मानता हूं। आज मैं यह प्रण लेता हूं कि बहुजन समाज पार्टी के हित के लिए मैं अपने रिश्ते-नातों को और खासकर अपने ससुराल वालों को कतई बाधा नहीं बनने दूंगा।"

उन्होंने कहा, "यही नहीं बल्कि कुछ दिन पहले किए गए अपने ट्वीट (एक्स पर पोस्ट) के लिए भी माफी मांगता हूं जिसकी वजह से आदरणीय बहन जी ने मुझे पार्टी से निकाल दिया है। और आगे से इस बात को सुनिश्चित करूंगा कि मैं अपने किसी भी राजनीतिक फैसले के लिए किसी भी नाते रिश्तेदार और सलाहकार से कोई सलाह-मशविरा नहीं लूंगा। और सिर्फ आदरणीय बहन जी के दिए गए दिशा-निर्देशों का ही पालन करूंगा। तथा पार्टी में अपने से बड़ों की और पुराने लोगों की भी पूरी इज्जत करूंगा और उनके अनुभवों से भी काफी कुछ सीखूंगा।"

उन्होंने मायावती से सभी गलतियों को माफ करके पार्टी में फिर से कार्य करने का मौका देने की अपील की थी। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि भविष्य में वह कोई गलती नहीं करेंगे जिससे "पार्टी और आदरणीय बहन जी के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान को ठेस पहुंचे।"

उल्लेखनीय है कि मायावती ने अपने भतीजे आकाश पर एक्शन लेते हुए कुछ महीने पहले ही पार्टी के सभी पद छीनते हुए उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia