पश्चिम एशिया तनाव का असर: उत्तर प्रदेश में LPG संकट! होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के असर से भारत के कई राज्यों में एलपीजी संकट गहराने लगा है। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से होटल और रेस्टोरेंट प्रभावित हो रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

मिडिल ईस्ट में जारी जंग की वजह से भारत में एलपीजी और ईंधन आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ा है। इस बीच उत्तर प्रदेश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में संभावित बाधा के कारण कई होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की आशंका जताई जा रही है।

व्यवसायियों की चिंताएं और रेस्टोरेंट पर असर

जनसत्ता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि लखनऊ के अमीनबाद में मशहूर मधुरिमा रेस्टोरेंट के संचालक विनीत कुमार गुप्ता ने कहा कि अगर आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो अगले 2-3 दिनों में रेस्टोरेंट संचालन मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि त्योहारों के समय प्रतिदिन 2-3 सिलेंडर की मांग बढ़ जाती है।

वाराणसी के रेस्टोरेंट मालिक राजेंद्र अग्रवाल और आगरा के होटल संचालक अनूप गुप्ता ने भी सीमित स्टॉक के चलते कारोबार प्रभावित होने की संभावना जताई। कुछ व्यवसायी अस्थायी रूप से अपने रसोई घर बंद करने पर विचार कर रहे हैं।

लखनऊ के एक एलपीजी वितरक ने कहा कि असली चुनौती मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद सामने आएगी।


आपूर्ति संकट की वजह

भारत में एलपीजी की अधिकांश मांग आयात पर निर्भर है, जिसमें 80 फीसदी से ज्यादा आपूर्ति हॉर्मुज जलडमरूमध्य से होती है। पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान-अमेरिका-इजरायल जंग की वजह से इस मार्ग पर जहाजों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है। ऐसे में मुश्किलें बढ़ गई हैं।

प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति जारी

रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश एलपीजी वितरक संघ के पूर्व अध्यक्ष डीपी सिंह ने कहा कि फिलहाल सीमित स्टॉक से पंजीकृत ग्राहकों को सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल और अन्य जरूरी व्यवसायों को प्राथमिकता दी जा रही है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी आपूर्ति घरों के लिए प्राथमिकता के साथ जारी रहेगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia