'पुल निर्माण में मोदी ने एक फूटी कौड़ी नहीं दी, फिर उसका उद्घाटन करने क्यों आ रहे हैं', तेजस्वी का केंद्र सरकार पर हमला

तेजस्वी ने दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल के उद्घाटन को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब इस परियोजना में केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं है, तो प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन करने क्यों आ रहे हैं?

तेजस्वी का केंद्र सरकार पर हमला
i
  • तेजस्वी यादव ने कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के निर्माण में केंद्र सरकार का एक पैसा भी नहीं लगा, फिर प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन क्यों कर रहे हैं?

  • तेजस्वी ने दावा किया कि पुल का निर्माण 2016 में महागठबंधन सरकार के दौरान शुरू हुआ था ।

  • उन्होंने सवाल उठाया कि जब नीतीश कुमार पहले ही पुल का उद्घाटन कर चुके हैं, तो अब दोबारा उद्घाटन क्यों किया जा रहा है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल के उद्घाटन को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब इस परियोजना में केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं है, तो प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन करने क्यों आ रहे हैं? तेजस्वी ने यह भी सवाल किया कि एक ही पुल का आखिर कितनी बार उद्घाटन किया जाएगा?

तेजस्वी यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री को बिहार आने से पहले आत्ममंथन करने की सलाह दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जिस पुल का रिबन काटने आ रहे हैं, उसके निर्माण में केंद्र का एक पैसा भी नहीं लगा है। उन्होंने बिहार की जनता से किए गए वादों को लेकर भी पीएम मोदी पर निशाना साधा।

पुल के निर्माण में केंद्र के योगदान का मांगा सबूत

तेजस्वी यादव ने अपने वीडियो संदेश में दावा किया कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का निर्माण बिहार सरकार ने अपने संसाधनों और कर्ज के जरिए शुरू कराया था। उन्होंने भाजपा नेताओं और केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर इस परियोजना में केंद्र या प्रधानमंत्री का कोई आर्थिक योगदान है, तो उसका प्रमाण सामने रखा जाए।

तेजस्वी के मुताबिक, 31 जनवरी 2016 को तत्कालीन महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में इस पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। उस समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

पुल के नाम को लेकर भी उठाए सवाल

तेजस्वी ने दावा किया कि पहले इस पुल का नाम सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह के नाम पर रखने की बात हुई थी। ऐसे में अब इसका नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर उन्होंने सवाल खड़े किए।

उन्होंने भाजपा पर नीतीश कुमार के साथ राजनीतिक व्यवहार को लेकर भी हमला बोला। तेजस्वी ने कहा कि जब नीतीश कुमार भाजपा के साथ नहीं थे, तब भाजपा नेता उनके डीएनए पर सवाल उठाते थे, लेकिन अब उनके प्रति सम्मान दिखाने का दावा कर रहे हैं।

पहले भी हो चुका है पुल का उद्घाटन: तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव से करीब डेढ़ साल पहले भी नीतीश कुमार इस पुल का उद्घाटन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पथ निर्माण विभाग का विज्ञापन भी जारी हुआ था। ऐसे में अब दोबारा उद्घाटन की जरूरत पर उन्होंने सवाल उठाया।

बिहार को 34,470 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वैशाली जिले में नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

इन परियोजनाओं में सड़क, ऊर्जा, शहरी विकास, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए