मोदी सरकार ने माना, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से लोगों में गुस्सा

तेल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर जैसी आशंका जताई जा रही थी, आज वही हुआ। कर्नाटक में मतदान के बाद तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी शुरू कर दी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

मोदी सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम को लेकर लगातार भारतीय उपभोक्ताओं में एक बेचैनी बनी हुई है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में आई गिरावट के बावजूद भारतीय उपभोक्ताओं को इसका फायदा नहीं मिला। अब सरकार ने लोगों के असंतोष को भांपते हुए इस तथ्य को स्वीकार कर लिया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दुबई में बोलते हुए इस बात को माना। उन्होंने कहा, “तेल की बढ़ती कीमतें भारतीय उपभोक्ताओं को चुभ रही हैं। कोई भी तेल की कीमत का अनुमान नहीं लगा सकता।”

गौरतलब है कि आज ही तेल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर जैसी आशंका जताई जा रही थी आखिरकार वही हुआ। कर्नाटक में मतदान के बाद तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी शुरू कर दी।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल की कीमतों में 17 पैसे तथा कोलकाता और चेन्नई में 18 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी के बाद आज दिल्ली में पेट्रोल का दाम 74.80 रुपए, कोलकाता में 77.50 रुपए, मुंबई में 82.65 रुपए और चेन्नई में 77.61 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

दिल्ली में डीजल की कीमत में 21 पैसे, कोलकाता में 5 पैसे तथा मुंबई और चेन्नई में 23 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में डीजल का दाम 66.14 रुपए हो गया है। कोलकाता में डीजल का भाव 68.68 रुपए, मुंबई में 70.43 रुपए और चेन्नई में 69.79 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia