कांग्रेस शासित राज्यों की अनदेखी कर रही मोदी सरकार, हिमाचल प्रदेश को पर्याप्त मदद नहीं मिली: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा, "सुखविंदर सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने के बाद हिमाचल में भारी बारिश हुई, लेकिन केंद्र सरकार ने कई बार अनुरोध करने के बावजूद कांग्रेस शासित राज्य को पर्याप्त मदद नहीं दी।"

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को केंद्र सरकार पर आपदा प्रभावित हिमाचल प्रदेश को पर्याप्त मदद नहीं देने का आरोप लगाया और दावा किया कि केंद्र, कांग्रेस शासित राज्यों की ‘‘उपेक्षा’’ कर रहा है।
प्रियंका गांधी ने कहा, "सुखविंदर सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने के बाद हिमाचल में भारी बारिश हुई, लेकिन केंद्र सरकार ने कई बार अनुरोध करने के बावजूद कांग्रेस शासित राज्य को पर्याप्त मदद नहीं दी।"
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार केवल चुनाव जीतने में रुचि रखती है और उसने कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव किया है।
रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा, "हमें महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और वीरभद्र सिंह जैसे नेताओं की जरूरत है, जो हमेशा ईमानदारी और सच्चाई के मार्ग पर चलते हुए लोगों के विकास के लिए समर्पित रहे। दुर्भाग्यवश देश में इस रास्ते पर चलने वाले बहुत कम नेता हैं, लेकिन कांग्रेस के राहुल गांधी निडर होकर लोगों के मुद्दे उठा रहे हैं।’’
उन्होंने जोर देकर कहा कि लोगों के वास्ते काम करने के लिए "सोशल मीडिया और पीआर" से आगे जाने की जरूरत है।
प्रियंका गांधी ने कहा, "जब मैं पिछले चुनावों में प्रचार के लिए आई थी, तो लोगों ने मुझे वीरभद्र सिंह के लोगों से जुड़ाव और उनके सरल व्यवहार के बारे में बताया था, जैसा कि कांग्रेस नेताओं की परंपरा रही है और मुझे खुशी है कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया है"
उन्होंने कहा, "यह सच है कि हम इस भूमि, पहाड़ों और घाटियों से प्यार करते हैं।’’ उन्होंने सभी से पहाड़ियों को बचाने का आह्वान किया।
इस मानसून में हिमाचल प्रदेश में तबाही
इस मानसून में जून से सितंबर तक राज्य में बादल फटने की 47, अचानक बाढ़ की 98 और बड़े भूस्खलन की 148 घटनाएं हुईं, जिनमें वर्षाजनित घटनाओं में 270 लोग मारे गए। कुल नुकसान 5,426 करोड़ रुपये आंका गया। राज्य प्राधिकारियों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में भी हिमाचल प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।