पश्चिम एशिया संकट का असर जल्द दिखने के लिए मोदी सरकार की नीतियां जिम्मेदारः प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर पीएम मोदी ने नीतियों को थोड़ा संतुलित रखा होता और देश को अमेरिका और इजरायल का गुलाम न बनाया होता, तो ऐसी स्थिति इतनी जल्दी पैदा न होती। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आगे और भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में वृद्धि की घोषणा पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गलत नीतियों के कारण पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर भारत में उम्मीद से कहीं पहले ही महसूस किया जाने लगा है।
पश्चिम एशिया संकट के बीच सरकार ने बुधवार को भारत में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी की है। असम के नाजिरा में एक चुनावी रैली से इतर संवाददाताओं से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की नीतियों के कारण आगे और भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
प्रियंका गांधी ने कहा, “अगर प्रधानमंत्री मोदी ने नीतियों को थोड़ा संतुलित रखा होता और देश को अमेरिका और इजरायल का गुलाम न बनाया होता, तो ऐसी स्थिति इतनी जल्दी पैदा न होती।” कांग्रेस नेता ने कहा, “निश्चित रूप से एक वैश्विक संकट है, लेकिन हमें यह भी समझने की जरूरत है कि सरकार की कुछ नीतियों के कारण आगे और भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।”
वहीं कांग्रेस उम्मीदवार देबब्रत सैकिया के समर्थन में नाजिरा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस संसाधन संपन्न राज्य में केवल एक परिवार सब कुछ लूट रहा है जबकि आम लोगों के पास कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि जब वे लूटपाट नहीं कर रहे होते हैं तो खदानें, जमीनें और हर संपत्ति बड़े उद्योगपतियों को सौंप दी जाती है।’’
प्रियंका गांधी ने असम में बीजेपी नीत सरकार के दौरान हर मोर्चे में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए शारदा, स्मार्ट सिटी और एनसी हिल्स जैसे कई पुराने घोटालों का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया, ‘‘बीजेपी ने कहा था कि उसने ‘डबल इंजन’ वाली सरकार दी है। असल में यह दोहरी गुलामी वाली सरकार है। प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका की गुलामी में लगे हैं और हिमंत विश्व शर्मा मोदी की गुलामी कर रहे हैं।’’