मोदी सरकार ने देश को हर तरफ से तबाह कर दिया, पूरा फोकस खुद को मजबूत करने और अडानी से पैसा लेने परः राहुल गांधी
राहुल गांधी ने रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में कहा कि चीन ने भारत को अपनी ही जमीन पर पैट्रोलिंग करने से मना कर दिया, लेकिन सरकार ने इस खबर को दबाने का प्रयास किया और सीधे तौर पर देश का नुकसान किया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को पीएम मोदी और अमित शाह पर जोरदार हमला बोलते हुए चीन के अतिक्रमण का जिक्र किया और कहा कि मोदी सरकार ने देश को हर तरफ से तबाह कर दिया है। इनका पूरा फोकस अपना पॉलिटिकल स्ट्रक्चर मजबूत करने और अडानी से पैसा लेने पर है।
मोदी सरकार ने देश को हर तरफ से तबाह किया
राहुल गांधी ने गुरुवार को दिल्ली के मावलंकर हॉल में रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए चीन के मुद्दे पर भी पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चीन ने भारत को अपनी ही जमीन पर पैट्रोलिंग करने से मना कर दिया, लेकिन सरकार ने इस खबर को दबाने का प्रयास किया और सीधे तौर पर देश का नुकसान किया।
राहुल गांधी ने कहा कि गलवान के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत की एक इंच भी जमीन किसी के कब्जे में नहीं है, जबकि सेना ने जमीन के कब्जे की बात कही। इस मुद्दे पर जब सेना ने चीन से बातचीत की तो उनकी तरफ से कहा गया कि भारत के प्रधानमंत्री ही इस बात से इनकार कर चुके हैं। यानी- मोदी सरकार ने देश को हर तरफ से तबाह कर दिया है। इनका पूरा फोकस अपना पॉलिटिकल स्ट्रक्चर मजबूत करने और अडानी से पैसा लेने पर है।
जब तक इस्तीफा नहीं देते, मोदी-शाह को सोने नहीं देंगे
राहुल गांधी ने कहा कि आजकल नरेंद्र मोदी रात में सोते नहीं हैं। इसके कई कारण हैं- कुछ तो जाहिर हैं, कुछ छिपे हुए हैं। अमित शाह को चाणक्य, सरदार पटेल, तड़ीपार और न जाने क्या-क्या कहा जाता था, लेकिन वो गायब हो गए, वो भाग गए और 20 दिन तक संसद में नहीं आ पाए। क्यों, क्योंकि पहली बार वे भारत की अभिव्यक्ति से डर रहे हैं। इस सरकार को समझ आ गया है कि ये देश अपने आपको अभिव्यक्त करने से नहीं रोकेगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी इस्तीफा नहीं देते और अमित शाह अपना पद नहीं छोड़ देते, तब तक दोनों को सोने नहीं देंगे। हम इन्हें जगाकर रखेंगे। हम इनको पागल कर देंगे । आखिर में वे हार मानकर खुद ही हाथ जोड़ कर बोलेंगे कि माफ करो, गलती हो गई। उन्होंने कहा कि बीजेपी, आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोगों की आजादी छीनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत को किसी एक तय व्यवस्था में ढालने के बजाय देश के लोगों को अपनी बात कहने और अपनी पहचान के साथ आगे बढ़ने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।
पीएम मोदी के लिए गले मिलना ही विदेश नीति
राहुल गांधी ने मीडिया का भी जिक्र किया और कहा कि मीडिया के एक बड़े हिस्से पर भी कब्जा हो चुका है, लेकिन पत्रकारों को अपनी भूमिका निभाते हुए सच्चाई जनता तक पहुंचानी होगी। उन्होंने कहा कि मीडिया घराने के मालिकों को ऊपर से फोन आते हैं और खबरें तय कराई जाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भावना का सीधा मतलब यह है कि भारत के लोगों को किसी ताकत के दबाव में अपनी आवाज नहीं दबानी चाहिए। किसी व्यक्ति को अपने धर्म, संस्कृति या विचारों की अभिव्यक्ति से नहीं रोका जाना चाहिए।
विदेश नीति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि पता नहीं प्रधानमंत्री के दिमाग में कहां से यह बात घुस गई कि गले मिलना ही विदेश नीति है। उन्होंने कहा कि भारत को अपने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए सभी देशों के साथ संबंध रखने चाहिए। उन्होंने ने ईरान, अमेरिका और रूस के संदर्भ में कहा कि भारत के सामने वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका मजबूत करने का अवसर था, क्योंकि ईरान और रूस का पुराना मित्र रहा है। भारत का अमेरिका से भी पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है।
राहुल गांधी ने ये भी कहा कि हमें अपनी अभिव्यक्ति को दबाना नहीं है। जिस दिन आरएसएस के अभिव्यक्ति को देश से ख़त्म करने की बात होगी, उस दिन मैं उनकी रक्षा करूंगा, क्योंकि अभिव्यक्ति उनका भी है। हमारा कहना है कि जिसके मन में जो हो, वो खुलकर बोले, लेकिन कोई किसी को दबा नहीं सकता। हिंदू, मुस्लिम, सिख, जैन कोई भी व्यक्ति अपनी बात खुलकर कह सकता है। जब देश की अभिव्यक्ति बाहर आएगी, तभी देश की ताकत पूरी दुनिया को दिखाई देगी। मगर ये लोग देश की अभिव्यक्ति को ही मारने पर तुले हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
