बेरोजगारी बढाने में मोदी सरकार धुरंधर, उसके पास समाधान नहीं: कांग्रेस

जयराम रमेश ने कहा कि देश की जनता को लाइन में लगाने में माहिर इस सरकार में युवा नौकरी की लाइन में लगा है, लेकिन नौकरी नहीं है। प्रधानमंत्री के पास हर थोड़े दिन में ध्यान भटकाने के लिए कोई न कोई नया एजेंडा लाने के अलावा, इस महासंकट का कोई समाधान नहीं है।

बेरोजगारी बढाने में मोदी सरकार धुरंधर, उसके पास समाधान नहीं: कांग्रेस
i
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बुधवार को कहा कि मोदी सरकार के पास बेरोजगारी जैसे ‘महासंकट’ का कोई समाधान नहीं है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए यह आरोप लगाया कि मोदी सरकर बेरोजगारी बढ़ाने में धुरंधर है।

जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बेतहाशा बेरोजगारी बढ़ाने में धुरंधर मोदी सरकार। कोई ताज्जुब नहीं होता जब प्रधानमंत्री अपने चुनावी भाषणों में युवाओं द्वारा रील बनाने को अपनी सरकार की मुख्य उपलब्धि के तौर पर गिनाते हैं।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पास इसके अलावा कोई चारा भी नहीं है, क्योंकि भारत में पढ़े-लिखे, डिग्रीधारी युवाओं में बेरोजगारी के जो आंकड़े लगातार सामने आ रहे हैं, वे बेहद चिंताजनक हैं, इसलिए उनमें साहस नहीं है कि वह रोजगार पर बात कर लें।


जयराम रमेश ने रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा, ‘20 से 29 वर्ष की उम्र के 6.3 करोड़ स्नातक में से करीब 1.1 करोड़ युवा बेरोजगार हैं। सिर्फ सात प्रतिशत स्नातक ही बेरोजगार होने के एक साल के भीतर स्थायी वेतन वाली नौकरी हासिल कर पाते हैं। शिक्षा में युवाओं (पुरुषों) की हिस्सेदारी 2017 में 38 प्रतिशत से घटकर 2024 के अंत तक 34 प्रतिशत हो गई।’’

कांग्रेस नेता के अनुसार, आर्थिक मजबूरी के कारण युवा पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।उन्होंने कहा, ‘‘2017 में जहां 58 प्रतिशत युवाओं ने घर की आय में सहयोग के लिए पढ़ाई छोड़ी, वहीं 2023 में यह आंकड़ा बढ़कर 72 प्रतिशत हो गया। ऐसी और भी कई रिपोर्ट्स लगातार सामने आ चुकी हैं।’’


जयराम रमेश ने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘देश की जनता को लाइन में लगाने में माहिर इस सरकार में युवा नौकरी की लाइन में लगा है, लेकिन नौकरी नहीं है। प्रधानमंत्री के पास, हर थोड़े-थोड़े दिन में ध्यान भटकाने के लिए कोई न कोई नया एजेंडा लाने के अलावा, इस महासंकट का कोई समाधान नहीं है।’’

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia