बंगाल में मतदान के बाद महंगाई का बोझ डालेगी मोदी सरकार, बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी राहत खत्म, महंगाई की गर्मी तैयार। उन्नतीस अप्रैल के बाद देखिए- पेट्रोल, डीजल, सब महंगे होंगे। जब तेल सस्ता था, मोदी सरकार ने अपना मुनाफा रखा। अब महंगा है, तो बोझ आप पर डालेगी। सस्ते की लूट मचाती सरकार- जनता को बस महंगाई की मार।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि मोदी सरकार बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद जनता पर महंगाई का बोझ डालेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में मतदान होते ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने वाले हैं।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘चुनावी राहत खत्म, महंगाई की गर्मी तैयार। उन्नतीस अप्रैल के बाद देखिए- पेट्रोल, डीजल, सब महंगे होंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब तेल सस्ता था, मोदी सरकार ने अपना मुनाफ़ा रखा। अब महंगा है, तो बोझ आप पर डालेगी।’’ कांग्रेस नेता ने अंत में कहा, ‘‘सस्ते की लूट मचाती सरकार - जनता को बस महंगाई की मार।’’
इससे पहले पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने की अटकलों के बीच केंद्र सरकार ने मंगलवार को बयान जारी कर सफाई देते हुए कहा कि बुधवार को बंगाल विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की कोई योजना नहीं है। सरकार की ओर से यह आश्वासन ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है।
गौरतलब है कि ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जंग शुरू होने के बाद से ही वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता की स्थिति है। पश्चिम एशिया संकट के कारण होर्मुज स्ट्रेट बंद है और मध्य एशिया से कच्चे तेल और गैस का निर्यात लगभग ठप है। दुनिया के तल खपत की 20 फीसदी की आपूर्ति होर्मुज के जरिये ही होती थी। ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, लेकिन वह अभी बहुत ज्यादा नहीं है। लेकिन कई तेल कंपनियां दाम बढ़ाने का दबाव बना रही हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बंगाल में चुनाव होते ही तेल के दाम बढ़ सकते हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia