ट्रंप के नियंत्रण में हैं मोदी और यही वह तमिलनाडु में करना चाहते हैं, जो कभी नहीं होगाः राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी को ट्रंप कैसे नियंत्रित करते हैं? वह एप्स्टीन फाइलों के जरिए नियंत्रित करते हैं। वह उन्हें नियंत्रित करते हैं, क्योंकि उन्हें मोदी की वित्तीय व्यवस्था का पता है और वह अडानी के साथ मोदी के संबंधों को जानते हैं।

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को तमिलनाडु चुनाव के लिए रानीपेट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘नियंत्रण’ में हैं और ऐसा ही वह राज्य में करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि एआईएडीएमके सत्ता में आए, ताकि वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को नियंत्रित कर सकें।
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जानते हैं कि वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को नियंत्रित नहीं कर सकते या दबाव नहीं डाल सकते, क्योंकि वह स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा कि मोदी इसलिए चाहते हैं कि अन्नाद्रमुक सत्ता में आए, ताकि वह राज्य पर अपना नियंत्रण स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सपने देखते रह सकते हैं, लेकिन वास्तविकता उस दिन स्पष्ट रूप से सामने आ जाएगी जब 4 मई को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे और डीएमके-कांग्रेस गठबंधन राज्य में शानदार जीत हासिल करेगा।
राहुल गांधी ने अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को लेकर बीजेपी को घेरते हुए दावा किया कि इस डील में प्रधानमंत्री ने ‘‘हमारी ऊर्जा सुरक्षा को दांव पर लगा दिया और हमारे डेटा को दूसरों के हवाले कर दिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस डील के जरिये पीएम मोदी ने हमारे किसानों और छोटे एवं मध्यम उद्योगों को बेच दिया।’’
उन्होंने परिसीमन विधेयक पर कहा, ‘‘कल संसद में आपने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर आत्मविश्वास की पूरी कमी देखी।’’ राहुल गांधी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री विपक्ष का सामना भी नहीं कर सके। वह अलग बैठे थे। इसका कारण यह है कि वह अमेरिका द्वारा नियंत्रित हैं। उन्होंने भारत-अमेरिका समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसने हमारे देश को बेच दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज अगर डोनाल्ड ट्रंप मोदी को कूदने को कहें, तो मोदी कूद जाते हैं। अगर डोनाल्ड ट्रंप मोदी को लेटने को कहें, तो मोदी लेट जाते हैं। क्यों? क्योंकि डोनाल्ड ट्रंप का मोदी पर पूरी तरह नियंत्रण है। वे उन्हें कैसे नियंत्रित करते हैं? वह एप्स्टीन फाइलों के जरिए नियंत्रित करते हैं। वह उन्हें नियंत्रित करते हैं, क्योंकि उन्हें मोदी की वित्तीय व्यवस्था का पता है और वह अडानी के साथ मोदी के संबंधों को समझते हैं।’’
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘जिस तरह ट्रंप, मोदी को नियंत्रित कर रहे हैं, वह भी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को उसी तरह नियंत्रित करना चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसीलिए वह (मोदी) तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक)को सत्ता में लाना चाहते हैं। लेकिन प्रधानमंत्री चाहे जो भी सपने देखते रहें, लेकिन चुनाव परिणाम घोषित होने के दिन उन्हें वास्तविकता का पता चल ही जाएगा। क्योंकि तमिलनाडु में डीएमके-कांग्रेस गठबंधन को भारी जीत मिलने वाली है, जिससे मोदी-शाह को राज्य की जनता की ताकत और इच्छाशक्ति का पता चलेगा।”
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia